Share Market: आईटी शेयरों में मजबूती से शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स-निफ्टी चढ़े, रुपया भी मजबूत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। एशियाई शेयर बाजारों में तेजी और आईटी शेयरों में ताजा लिवाली के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांकों में बढ़त दर्ज की गई। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स 278.77 अंक बढ़कर 59,240.89 पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 83.4 अंक चढ़कर 17,387.35 पर था। सेंसेक्स में महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एक्सिस बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, मारुति सुजुकी, लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा, एसबीआई, टाटा मोटर्स और बजाज फाइनेंस बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। 

दूसरी ओर पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक, नेस्ले और हिंदुस्तान यूनिलीवर में गिरावट हुई। अन्य एशियाई बाजारों में जापान, चीन और हांगकांग के बाजार हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 4,559.21 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इसबीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.75 प्रतिशत चढ़कर 83.89 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया। 

रुपया 22 पैसे चढ़ा
घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक रुख के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 22 पैसे चढ़कर 82.36 पर पहुंच गया। कारोबारियों ने कहा कि विदेशी कोषों के लगातार बाहर जाने से रुपये की बढ़त सीमित हुई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 82.48 पर खुला और पिछले बंद भाव के मुकाबले 22 पैसे की बढ़त दर्ज करते हुए 82.36 के स्तर पर पहुंच गया। रुपया मंगलवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 82.58 पर बंद हुआ था। 

इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत गिरकर 104.84 पर आ गया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.75 प्रतिशत बढ़कर 83.89 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 4,559.21 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

ये भी पढे़ं- फिर महंगाई की मार ! विमान ईंधन चार फीसदी सस्ता, रसोई गैस की कीमत 50 रुपए प्रति सिलेंडर बढ़ी

 

संबंधित समाचार