सिसोदिया और जैन के इस्तीफे के बाद AAP विधायक सौरभ भारद्वाज और आतिशी बन सकते हैं कैबिनेट मंत्री
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कैबिनेट में मंत्री बनने के लिएआम आदमी पार्टी (AAP) विधायक सौरभ भारद्वाज और आतिशी के नाम उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना को भेजा है।
बता दें कि मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन ने दिल्ली सरकार के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दोनों का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। सिसोदिया के पास शिक्षा व वित्त समेत कई विभाग थे। गौरतलब है कि सत्येंद्र कई महीनों से जेल में हैं और सिसोदिया अभी सीबीआई की रिमांड में हैं।
दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कैलाश गहलोत और राज कुमार आनंद को पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के विभाग सौंपे गए हैं। गहलोत को वित्त, योजना और गृह विभाग मिला जबकि आनंद को शिक्षा, पर्यटन और उद्योग विभाग दिए गए हैं। गौरतलब है कि सिसोदिया और जैन ने मंगलवार को मंत्री पद से इस्तीफा दिया था।
आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और मंत्री सत्येंद्र जैन के इस्तीफे के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की। भारद्वाज ने बताया कि दोनों मंत्रियों की जगह जल्द दो नए मंत्री कैबिनेट में शामिल किए जाएंगे। शराब नीति मामले में गिरफ्तार किए गए सिसोदिया के पास दिल्ली सरकार के 33 में से 18 विभाग थे।
शराब नीति मामले में गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के मंत्री पद से इस्तीफा देने वाले मनीष सिसोदिया ने अपने त्याग पत्र में लिखा है, ये आरोप...कायरों की साज़िश से ज़्यादा कुछ नहीं हैं। उनका निशाना मैं नहीं, उनका निशाना आप (अरविंद केजरीवाल) हैं। सिसोदिया ने लिखा, दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे लाखों बच्चों की दुआएं मेरे साथ हैं।
दिल्ली शराब नीति मामले में गिरफ्तारी के बाद मंत्री पद छोड़ने वाले मनीष सिसोदिया ने 3 पेज के इस्तीफे में लिखा है, मेरे खिलाफ कई एफआईआर दर्ज हुई और कई दर्ज होंगी। उन्होंने लिखा, मुझे धमकाया गया...रिश्वत की पेशकश की गई...लेकिन मैं अडिग रहा। इसके बाद मुझे गिरफ्तार कर लिया। कोई भी मुझे भ्रष्ट होने के लिए...मजबूर नहीं कर सकता।
दिल्ली की विशेष सीबीआई अदालत ने शराब नीति से जुड़े कथित मनी लॉन्डरिंग मामले में मंगलवार को 5 आरोपियों को ज़मानत दे दी। इसमें आबकारी विभाग के 2 पूर्व अधिकारी कुलदीप सिंह और नरेंद्र सिंह के अलावा अरुण पिल्लई, समीर महेंद्रू और गौतम मूथा को ज़मानत मिली है। हाल ही में मामले में दो अन्य आरोपियों को बेल मिली थी।
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली सरकार की कैबिनेट से मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के इस्तीफे पर कहा है, ऐसे भ्रष्टाचारियों को संबल देने वाले अरविंद केजरीवाल ही हैं तो नैतिकता के आधार पर इस्तीफा तो आपका (केजरीवाल) भी बनता है। उन्होंने आगे कहा, सुप्रीम कोर्ट की ज़बरदस्त फटकार के बाद 'आप' का नशा टूटा है, नींद टूटी है।
दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के इस्तीफे पर कहा है, (मुख्यमंत्री अरविंद) केजरीवाल की पूरी कैबिनेट भ्रष्टाचार में लिप्त है, 2 मंत्रियों की जगह उन्हें (केजरीवाल) खुद इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा, जिस-जिसको केजरीवाल ने ईमानदारी का सर्टिफिकेट दिया, वे सभी भ्रष्ट पाए गए। इस्तीफा दो और जांच पूरी होने दो।
आप नेता गोपाल राय ने दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आप नेता सत्येंद्र जैन के इस्तीफे पर कहा है, दिल्ली का काम ना रुके उसको देखते हुए ये इस्तीफे हुए हैं। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार की मंशा दिल्ली सरकार के कार्यों को रोकना है। (आप नेताओं के खिलाफ) यह कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से की गई है।
बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के दिल्ली सरकार के मंत्री पद से इस्तीफे पर कहा है, सिसोदिया को तभी इस्तीफा देना चाहिए था जब उनपर आरोप लगे थे। उन्होंने कहा, अपनी ज़मानत याचिका में उन्होंने लिखा था कि वह 18 विभाग देखते हैं। उन्हें विभाग चलाने में रुचि थी, आरोपों पर सफाई देने में नहीं।
ये भी पढ़ें : मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन ने मंत्री पद से दिया इस्तीफा, CM केजरीवाल ने किया मंजूर
