Kanpur: ऑनलाइन पेमेंट बना केस्को की मुसीबत, छह माह में भुगतान 90 प्रतिशत करने का लक्ष्य
कानपुर में ऑनलाइन पेमेंट केस्को की मुसीबत बना।
कानपुर में ऑनलाइन पेमेंट केस्को की मुसीबत बना। 45 प्रतिशत से भी कम ऑनलाइन पेमेंट हुई। छह माह में ऑनलाइन भुगतान 90 प्रतिशत करने का लक्ष्य।
कानपुर, अमृत विचार। केस्को एमडी के नियुक्ति लेते ही ऑनलाइन पेमेंट को शत-प्रतिशत किए जाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। दूसरी ओर बीते माह ऑनलाइन पेमेंट का प्रतिशत आधे से भी कम होने से अधिकारियों की नींद उड़ गई है, जिसको बढ़ाने के लिए बैठक कर इसे बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी गई है।
ज्यादातर उपभोक्ता बिलिंग सेंटर पर ही जाकर पैसा जमा करते हैं, जिसके लिए हर बिजलीघर में बिलिंग सेंटर खोले गए हैं। वहीं मोबाइल वैन द्वारा भी कलेक्शन किया जाता है। बिजली बिल का पैसा लेने के लिए एक बिलिंग सेंटर पर तीन से चार कर्मचारी रहते हैं। बड़े डिवीजन में इनकी संख्या दोगुनी है। जिसको पूरी तरह खत्म करने की योजना है जिससे इनको दूसरे कार्यों में लगाया जा सके।
पेपरलेस कामकाज
केस्को अधिकारियों का कहना है कि इसमें हर माह काफी कागज लगता है। इसके साथ ही प्रिंटर व अन्य खर्च अलग। यदि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को बढ़ावा दे दिया जाए तो इसकी भी बचत होगी।
संविदाकर्मियों पर व्यवस्था
मौजूदा समय में केस्को में ज्यादातर कार्य संविदाकर्मियों द्वारा कराए जा रहे हैं। इसके पीछे कर्मचारियों की कमी और नई भर्ती का न होना है। लाइनमैन, कंप्यूटर ऑपरेटर, फाल्ट ठीक करने वाली टीम, मुख्यालय से लेकर सबस्टेशन तक संविदाकर्मियों के सहारे ही व्यवस्था चल रही है।
आगामी छह माह में ऑनलाइन भुगतान को 90 प्रतिशत पहुंचाने का लक्ष्य दिया गया है। जिसके लिए भुगतान के अन्य विकल्पों पर विचार किय जा रहा है। जिससे जल्द से जल्द इसको बढ़ाया जा सके।- सर्वेश पांडे, अधिशासी अभियंता (आईटी) केस्को
