अमरोहा : कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या, बाग में फेंका शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 कालाखेड़ा स्थित दि-किसान सहकारी चीनी मिल के पास की घटना, एसपी,एएसपी और सीओ ने घटना स्थल पर किया मौका मुआयना

हसनपुर (अमरोहा), अमृत विचार। नगर में संभल मार्ग के कालाखेड़ा स्थित दि-किसान सहकारी चीनी मिल के सामने कैंटीन संचालक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार को नजदीक के बाग में उसका शव मिला। हालांकि, देर शाम तक हत्यारोपियों का पता नहीं लग सका। एसपी, एएसपी व सीओ ने मौके पर घटना की छानबीन की। 

जनपद संभल में थाना हयातनगर के गांव धनेटा निवासी 48 वर्षीय ताहिर करीब आठ माह से चीनी मिल के सामने कैंटीन चला रहा था। बताया जा रहा है कि वह कैंटीन में ही सोता था। मंगलवार रात करीब नौ बजे वह कहीं चला गया। बुधवार सुबह आठ बजे तक कैंटीन नहीं खुली तो पास के ही नया गांव के रिश्तेदारों ने उसकी तलाश की। कैंटीन से करीब 100 मीटर की दूरी पर आम के बाग में नलकूप की कोठरी के पास ताहिर का गोली लगा शव मिला। उसके माथे पर गोली लगी थी। मौके पर पड़ा खून सूख चुका था। 

माना जा रहा है कि रात में किसी समय ताहिर की गोली मारकर हत्या की गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ अभिषेक कुमार यादव ने मौका मुआयना किया। हालांकि हत्या के कारण का देर शाम तक पता नहीं लग सका था। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, अपर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ये भी पढ़ें :  अमरोहा: बालिका से छेड़छाड़ में 4 साल की कैद व दस हजार का लगा जुर्माना

संबंधित समाचार