अमरोहा : चालक के हाथ-पैर बांधकर बाग में फेंका, ई-रिक्शा लूट लुटेरे फरार
पीड़ित चालक ने अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है
लूट का पीड़ित युवक।
हसनपुर (अमरोहा), अमृत विचार। नगर के रहरा अड्डे से ई-रिक्शा बुक करके ले जाने के बाद लुटेरों ने बाग में चालक के हाथ पैर बांध दिए और ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए। काफी बाद चालक ने हाथ-पैर खोल कर पिता की दुकान पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। हालांकि तीनों लुटेरों का पता नहीं चल सका।
नगर के खानज्यादा निवासी उजैब मोहल्ला कायस्थान निवासी आरिफ की ई-रिक्शा किराए पर चलाता है। बुधवार सुबह 10 बजे उसके पास एक युवक आया और दीपपुर गेट के निकट बाग से मोटर लाने के लिए उसकी ई-रिक्शा बुक कर ली। वह स्वयं ई-रिक्शा में बैठकर ले गया। जब उजैब ई-रिक्शा लेकर बाग में पहुंचा तो पीछे से बाइक सवार दो लोग और आ गए।
तीनों लुटेरों ने उजैब के हाथ-पैर बांधकर उसे बाग में डाल दिया और ई-रिक्शा लूटकर फरार हो गए। कुछ समय बाद उजैब ने अपने हाथ-पैर रस्सी से खोल लिए और ब्लॉक स्थित अपने पिता की दुकान पर पहुंचा। पिता को घटना से अवगत कराकर पुलिस को सूचना दी। पीड़ित चालक ने अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
ये भी पढ़ें : अमरोहा : युवती की बरामदगी को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, प्रभारी निरीक्षक से हुई तीखी नोकझोंक
