अयोध्या : घरेलू सिलेंडर का दाम बढ़ने पर महिलाओं में नाराजगी, विपक्ष हमलावर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सपा नेता व पूर्व मंत्री ने की दाम वापस लेने की मांग

अयोध्या, अमृत विचार। होली से पहले सरकार द्वारा रसोई गैस के दाम 50 रुपए बढ़ाने से घरों का बजट संभाल रही महिलाएं परेशान हो उठी हैं। त्योहार से पहले दाम बढ़ोत्तरी के फैसले को लेकर सरकार ने होली का रंग फीका कर दिया है। अभी तक 1115 रुपये में मिलने वाला सिलेंडर अब लगभग 1166 रुपये का हो गया है। वहीं कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 350 रुपये बढ़ाए जाने से व्यापारियों में भी खासा आक्रोश है। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष बिल्कुल शांत बैठा हुआ है, जबकि विपक्षी दल इसका विरोध जताते हुए बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग की है। 

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता व पूर्व मंत्री तेज नारायणव पांडेय पवन ने कहा कि भाजपा सरकार जब से आई है गैस के दामों में बार बार वृद्धि करके गरीब जनता पर अत्याचार कर रही है। उन्होंने कहा आज  गरीब जनता महंगाई बेरोजगारी से त्रस्त है। इस पर गैस के दामों में वृद्धि करके सरकार ने आम जनमानस की जेब पर भारी बोझ डालने का काम किया। उन्होंने सरकार से गैस की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की है।,

होली-दीवाली फ्री सिलेंडर देने की थी योजना

उज्ज्वला योजना के अंतर्गत मिले गैस सिलेंडर को भराना भारी पड़ रहा है। पहले सरकार ने घोषणा की थी की होली और दीवाली गैस सिलेंडर निशुल्क मिलेगा, लेकिन होली के त्यौहार से पहले ही सरकार ने गैस का दाम बढ़ा दिया। विकासखंड पूरा बाजार के लक्ष्मीदास पुर निवासी उज्जवला गैस कनेक्शन धारक श्यामपती कहती हैं कि सरकार ने जब गैस सिलेंडर और चूल्हा दिया था तो बड़ा अच्छा लगा था, लेकिन अब महंगाई के चलते गैस भराना संभव नहीं है। नैपुरा निवासी लव कुश कहते हैं कि गैस सिलेंडर की महंगाई के चलते अब सिलेंडर भरवाना आसान नहीं। मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाया जा रहा है।

अमृत विचार ने महिलाओं से जानी उनकी राय 

किचन का बजट बिगड़ा 

सरकार द्वारा रसोई गैस का दाम बढ़ाने से किचन का हिसाब किताब गड़बड़ हो जाता है। सरकार को मंहगाई पर कंट्रोल करना था, लेकिन सरकार ने आम लोगों पर बोझ बढ़ा दिया।
- ललिता द्विवेदी, देवनपारा, मिल्कीपुर 

दाम वापस ले सरकार

सरकार ने जनता से वादा किया था कि त्योहारों पर फ्री सिलेंडर दिए जाएंगे जबकि फ्री सिलेंडर देने की जगह पर अचानक दाम बढ़ाने का तोहफा दिया गया है। यह गलत है। सरकार को दाम वापस लेना चाहिए। 

- बबीता, शाहगंज, हैरिंग्टनगंज

घर चलाना मुश्किल होगा

सरकार को रसोई गैस के दाम कम करना था, लेकिन अचानक 50 रुपए दाम बढ़ा दिए गए जिससे घर चलाना मुश्किल हो जाएगा। इसका बड़ा असर हमारे बजट पर पड़ेगा। 

- विद्यावती, रेवतीगंज, मिल्कीपुर

व्यवस्था चलाना दूभर होगा

रसोई गैस की घर गृहस्थी चलाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है इसलिए सरकार को रसोई गैस के दाम नहीं बढ़ाना था इससे लोगों को घर की व्यवस्था चलाना दूभर होगा।

- नीरज मिश्रा, बाकरगंज, मया

सरकार गंभीरता से विचार करे

रसोई गैस के दाम पिछले दो-तीन वर्षों में बहुत ज्यादा बढ़ा दिए गए हैं जिसकी मार आम लोगों को झेलनी पड़ रही है और सरकार को दाम कम करने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। 

- किरन श्रीवास्तव, शाहापरा, बीकापुर 

सरकार वादा पूरा करने में विफल 

रसोई गैस बढ़ने से लोगों के घर का बजट बिगड़ेगा और रसोई की व्यवस्था करने में लोगों का भार बढ़ जायेगा। सरकार का वादा था कि होली दीपावली के फ्री दिए जायेंगे लेकिन सरकार वादा पूरा करने में विफल रही।

संजू, मयाबाजार                

यह भी पढ़ें : अयोध्या : विज्ञान प्रदर्शनी में अमन और प्रखर को मिला प्रथम स्थान

संबंधित समाचार