लखनऊ : सेंसर वाले हेलमेट का कमाल, बिना पहने बाइक नहीं होगी स्टार्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सड़क हादसों पर लगेगा अंकुश, बगैर हेलमेट पहने नहीं चला पायेंगे गाड़ी

लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश समेत देश भर में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। परिवहन विभाग के लिए यह चिंता का विषय है। लिहाजा परिवहन विभाग सुरक्षा को लेकर अब काफी सजगता बरत रहा है। ऐसे लोगों को बढ़ावा दे रहा है जो सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उपाय कर रहे हैं। ऐसे ही कक्षा 11 के एक छात्र ने सेंसर बेस्ड हेलमेट डिवाइस बनाया है जिसे सिर पर पहने बिना बाइक स्टार्ट ही नहीं हो सकती। वहीं अगर शराब पीकर हेलमेट लगाने पर बाइक ऑटोमेटिक बंद हो जाती है। इसके अलावा इस हेलमेंट में यह खासियत है कि दुर्घटना होने पर दस सेकेण्ड के अंदर अगर आप हेलमेट का बटन नहीं दबाते हैं तो एक मैसेज घरवालों,स्थानीय पुलिस व 108 एम्बुलेंस को चला जायेगा जिसमे आप का लोकेशन शामिल होगा ।

बुधवार को इस डिवाइस की सराहना करते हुये प्रदेश के परिवहन मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह ने होनहार छात्र इंद्रेश कुमार को परिवहन विभाग मुख्यालय पर सड़क सुरक्षा फंड से 50000 रुपए का ईनाम और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया । साथ ही यह भी कहा कि परिवहन विभाग इस हेलमेट को पेटेंट करवाने के लिए पूरा प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य लोगों की किसी भी कीमत पर जान बचाना है। ये हेलमेट इस दिशा में बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए परिवहन विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। जब विभाग को सोनभद्र के एक छोटे से गांव में रहने वाले कक्षा 11 के जीव विज्ञान के छात्र की एक खोज के बारे में पता चला तो विभाग ने अपनी तरफ से संपर्क साधा । छात्र इंद्रेश कुमार के पिता शराब पीते थे और उनका एक्सीडेंट हो गया था। जिसके बाद छात्र के दिमाग में आया कि क्यों न एक ऐसा हेलमेट बनाया जाए जिससे लोगों को दुर्घटना होने से बचाया जा सके। इसके बाद इंद्रेश कुमार ने संसाधनों के अभाव के बावजूद एक ऐसा हेलमेट तैयार किया जो सेंसर बेस्ड है। बाइक पर अगर हेलमेट नहीं लगाया तो किसी कीमत पर बाइक स्टार्ट नहीं होगी। हेलमेट सिर पर रख लेने से ही नहीं जब तक स्ट्रिप नहीं लगाएंगे तब तक बाइक स्टार्ट नहीं होती। इतना ही नहीं अगर शराब पी है तो भी बाइक स्टार्ट नहीं होगी। परिवहन मंत्री ने छात्र की इस खोज को खूब सराहा। साथ ही यह भी कहा है कि दोपहिया निर्माता कंपनियों से संपर्क कर इस हेलमेट को पेटेंट कराने का भी प्रयास किया जाएगा। जिससे मार्केट में इसी तरह का हेलमेट आए और लोगों की जान को सुरक्षित रखा जा सके। परिवहन मंत्री के सामने इंद्रेश कुमार ने हेलमेट का डेमोंसट्रेशन भी दिया। जिसमें वह पूरी तरह पास हुआ। बिना हेलमेट पहने बाइक स्टार्ट नहीं हुई बाइक की स्ट्रिप हटाते ही बाइक बंद हो गई।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : आईपीसी की धारा 494 असंवैधानिक घोषित करने की मांग, हाईकोर्ट ने अटॉर्नी जनरल को जारी किया नोटिस

संबंधित समाचार