अमरोहा : धर्म परिवर्तन मामले में कड़ी से कड़ी जोड़कर जांच में जुटी है पुलिस, मदरसा संचालक का खंगाला आपराधिक इतिहास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। धोखाधड़ी से धर्मपरिवर्तन के मामले में पुलिस जांच में कड़ी से कड़ी जोड़ रही है। एक-एक बिंदु पर जांच की जा रही है। मदरसा संचालक का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। 
    
शहर कोतवाली के मोहल्ला नौगजा निवासी चंद्रशेखर यादव ने दिल्ली की दरगाह निजामुद्दीन के करीब मस्जिद के निकट रहने वाले मदरसा संचालक तुफैल खान व उसकी पत्नी पर धर्म परिवर्तन कराने का गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई । पीड़ित आठ साल पहले नौकरी की तलाश में दिल्ली गया था। 

आरोप है कि तुफैल ने उसे गुमराह करते हुए धर्म परिवर्तन करा लिया और उसका नाम बदलकर मोहम्मद हिलाल रख दिया। इसके बदले में सरकारी नौकरी दिलाने और अपनी साली से निकाह कराने का लालच भी दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि जब इसका विरोध किया तो बेहोश कराकर खतना करा दिया। इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री स्तर पर हुई। जिस पर पुलिस ने दंपति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। 
  
मामले की विवेचना इंस्पेक्टर (क्राइम) उमेश कुमार गुप्ता को दी गई है। अब मामले में आरोपी तुफैल खान की आपराधिक इतिहास भी सामने आ रहा है। दिल्ली साउथ ईस्ट के थाना निजामुद्दीन व अमर कॉलोनी में उसके खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज हैं। यह सभी मामले छेड़छाड़ और बाल विवाह अपराध संबंधित हैं। 

पिछले साल 12 दिसंबर को शामली जिले के थाना कैराना क्षेत्र के गांव इस्सोपुर खुरगान निवासी मुबारिक हसन ने भी तुफैल व उमर समेत तीन-चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें फर्जी मदरसे के नाम पर चंदा वसूलने व धमकाने का आरोप है। 17 जनवरी को अंतरिम जमानत के लिए दायर याचिका अदालत में खारिज हो चुकी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर विजय कुमार राणा ने बताया कि विवेचना के दौरान जो तथ्य सामने निलकर आ रहे हैं, उन सब की जांच कराई जा रही है। शामली और दिल्ली  में दर्ज कुछ मुकदमों की जानकारी मिली है। इस पूरे प्रकरण में जांच चल रही है।

ये भी पढ़ें:- बिजनौर : नाबालिग से दुष्कर्म के दो दोषियों को आजीवन कारावास, अदालत ने 70-70,000 का लगा जुर्माना

संबंधित समाचार