बरेली: एलएलबी की परीक्षा में सात तो बीसीए में पकड़े दो नकलची
बरेली कॉलेज के सचल दल ने की कार्रवाई, एक छात्र साथ में लाया था मोबाइल
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर की परीक्षा के पहले ही दिन नौ छात्रों को नकल के साथ पकड़ा गया। बरेली कॉलेज में कॉलेज के सचल दल ने चेकिंग कर सात एलएलबी और दो बीसीए के छात्रों को नकल के साथ पकड़ा। अधिकांश छात्रों के पास पर्चियां और गेस पेपर के पेज मिले हैं। वहीं बीसीए का एक छात्र मोबाइल लेकर परीक्षा कक्ष में पहुंच गया था। उसके मोबाइल में नकल की फोटो भी मिली हैं। सचल दल ने सभी छात्रों का यूएफएम कर रिपोर्ट विश्वविद्यालय को भेज दी है। वहीं दूसरी तरफ गुरुवार काे स्नातक और परास्नातक की सुधार परीक्षाएं समाप्त हो गईं।
एलएलबी, बीएलएलएबी, बीबीए और बीसीए की परीक्षाएं गुरुवार से शुरू हो गईं। बीलिब, एमलिब, एमएसडब्ल्यू और पीजीडीसीए की परीक्षाएं 11 मार्च से शुरू होंगी। गुरुवार को 20 केंद्रों पर करीब 23 हजार छात्र परीक्षा में शामिल हुए। बरेली कॉलेज में सचल दल ने न्यू परीक्षा भवन व अन्य कक्षों में चेकिंग की। इस दौरान एलएलबी के सात छात्र नकल सामग्री के साथ पकड़े गए। इसके अलावा दो छात्र बीसीए के पकड़े गए। सचल दल ने शाम की पाली में भी चेकिंग अभियान चलाया। एलएलबी की परीक्षा में हर बार छात्र पकड़े जाते हैं। बरेली कॉलेज में कॉलेज समेत 15 महाविद्यालयों के छात्रों का केंद्र बनाया गया है।
ये भी पढ़ें- बरेली: होली से पहले मिलावटखोरी पर लगाम कसने को चल रहा अभियान, FSDA ने 10 प्रतिष्ठानों से लिए 25 नमूने
