मिशन कांग्रेस : एआईसीसी में मुरादाबाद मंडल की धाक, चौपाल पर राजनीतिक पैंतरे की चर्चा
लोक सभा चुनाव के पहले इस भागीदारी के निकाले जा रहे अर्थ
सियासत...वर्ष 2009 के चुनाव के बाद यहां कांग्रेस से नहीं जीत पाया कोई, विधान सभा चुनाव में भी हो गया था पार्टी का सूपड़ा साफ
आशुतोष मिश्र, अमृत विचार। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में मंडल की भागीदारी चर्चा में है। अबकी हर जिले को संगठन में जगह मिली है। मुरादाबाद इसमें सबसे आगे है। कांग्रेस के अंदरूनी हल्के में इसे लोक सभा चुनाव के लिए काफी अहम माना जा रहा है। यह दीगर बात है कि साल 2009 के बाद के चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन ठीक नहीं रहा है। 2019 के चुनाव में पार्टी को पूरे देश में मुंह की खानी पड़ी थी। जबकि, मुरादाबाद मंडल में तो और दुर्गति हुई थी। विधान सभा चुनाव में भी यहां पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया था।
उधर, छत्तीसगढ़ (रायपुर) के अधिवेशन से लौटे कांग्रेसी अभी से चुनावी रंग में सराबोर नजर आ रहे हैं। हालांकि अभी लोक सभा चुनाव होने में ठीक एक साल का समय बाकी है। यह सच है कि कांग्रेस की राजनीति में पूर्व सांसद बेगम नूर बानो, ओमवती, राशिद अल्वी ऐसे चेहरे हैं, जिनकी अखिल भारतीय पहचान है। सनद रहे कि विधानसभा चुनाव में मुरादाबाद खास चर्चा में रहा। क्योंकि संगठन की राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा का यहां ससुराल है। कई साल से कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में भी मुरादाबाद चर्चा का विषय रहता है। इस बार एआईसीसी में यहां के चार सदस्यों के चयन को सियासत की चौपाल पर कई कोण से आंका और समझा जा रहा है।
नगर निकाय के चुनाव में मेयर पद के उम्मीदवार रहे हाजी रिजवान कुरैशी को दूसरी बार मौका मिला है। जबकि, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य चुना गया है। पूर्व विधायक फूल कुंवर और महानगर के पूर्व अध्यक्ष असद मौलाई को सदस्य नामित किया है। रामपुर की पूर्व सांसद बेगम नूर बानो का पद बरकरार है। जबकि, बेगम नूर बानो के कृपा पात्र मुतीउर्रहमान बब्लू, संजय कपूर, अरशद अली को सदस्य बनाया गया है। बिजनौर की पूर्व सांसद ओमवती की पुत्रवधू हेनरीता और जिलाध्यक्ष शेरबाज पठान, संभल से मरगूब आलम और अमरोहा के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद राशिद अल्वी को संगठन में जगह मिली है। राजनीतिक समीक्षक मानते हैं कि कांग्रेस की यह मिशन 2024 की तैयारी है। समय रहते असरदार लोगों को संगठन की मुख्यधारा में जोड़कर पार्टी नियंता पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा का लाभ हासिल करना चाहते हैं।
कांग्रेस माइनारिटी सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद (राज्य सभा सदस्य) इमरान प्रतापगढ़ी कहते हैं कि यह मिशन 2024 का आगाज है। हम संगठन को गांव-गांव तक खड़ा करने की योजना पर कार्य कर रहे हैं। कांग्रेस के 85वें अधिवेशन में इसका मंत्र पार्टीजनों को दिया गया है। मंडल हमारे संगठन के असरदार लोगों का क्षेत्र है। मुरादाबाद से ही दुनिया में भारत का डंका बजाने वाले क्रिकेटर अजहरुद्दीन पार्टी से सांसद रहे हैं।
