Kanpur: मेरी मां से बचाओ… प्रेमी के साथ मिलकर बेचना चाहती है, तीन बेटियों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंच लगाई गुहार
कानपुर में पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंच तीन बेटियों ने मदद की गुहार लगाई।
कानपुर में पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंच तीन बेटियों ने मदद की गुहार लगाई। बेटियों ने कहा कि मुझे मेरी मां से बचाओ, वह प्रेमी के साथ मिलकर बेचना चाहती है।
कानपुर, अमृत विचार। मुझे मेरी मां से बचाओ, वह उन्हें बेचना चाहती है। मां के प्रति गंभीर आरोप लगाते हुए तीन बेटियां पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची और मदद की गुहार लगाई। जिस पर वहां मौजूद सभी लोग चौंक गए। आरोप लगाया कि मां पापा और उन लोगों को छोड़कर अलग हो गई हैं। पैसा न देने पर उन लोगों को बेचना चाहती हैं। जिस पर पुलिस कमिश्नर ने तत्काल पनकी थाना प्रभारी को जांच के आदेश दिए।
पनकी कटरा निवासी एक पिता का आरोप है कि उनकी पत्नी उन्हें और तीन बेटियों को जून वर्ष 2021 को छोड़कर अलग रहने चली गईं थीं। मौजूदा समय में वह अपने प्रेमी के साथ रहती हैं, जिस पर छह मुकदमें दर्ज हैं। आरोप है घर बेचकर पैसे न मिलने पर जेल भिजवाने की धमकी देती है। उन्होंने बताया कि वह खिलौने की छोटी सी दुकान चलाकर परिवार का पालन पोषण करते हैं। जिस पर उन्होंने रुपये देने में असमर्थता जता दी।
गुरुवार दोपहर पीड़ित अपनी (15), (12) और तीन वर्षीय बेटी के साथ पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड के सामने पेश हुए। वह तीनों हाथ में पोस्टर लिए हुईं थीं। जिसमें लिखा था कि मुझे मेरी मां से बचाओ, मेरी मां मुझे अपने प्रेमी के साथ बेचना चाहती है। हम लोग आत्महत्या करने को मजबूर हैं। बेटियों ने हाथ जोड़ते हुए कहा कि अंकल हमें बचा लीजिए। हमारी मां हम लोगों को बेचना चाहती हैं। ऐसा नहीं करने पर उन्होंने मेरे पिता को जेल भेजने की धमकी दी है।
पूरे मामले को समझने के बाद पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने पनकी एसीपी निशंक शर्मा को मामले की जांच दी है। पनकी थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर लेकर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी पत्नी और उसके कथित प्रेमी को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जांच के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
