बरेली: अभी टिकट बुक कराएं और सितंबर तक किसी भी तारीख में उड़ान भरें
एलाइंस एयर और इंडिगो ने यात्रियों के लिए होली सेल का दिया ऑफर
बरेली, अमृत विचार। रंगों के त्योहार पर एलाइंस एयर और इंडिगो ने भी होली ऑफर देकर यात्रियों के जीवन में रंग भरने की कोशिश की है। दोनों एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों के लिए सुविधा दी है कि अभी किसी भी फ्लाइट के लिए टिकट बुक कराएं और सितंबर और अक्टूबर तक किसी भी तारीख में उड़ान भरें। ऑफर के साथ किराया भी निर्धारित किया है।
एलांइस एयर ने अपने ट्विटर हैंडल के जरिए 6 मार्च तक टिकट बुक करने और 30 सितंबर तक यात्रा का लाभ लेने का ऑफर दिया है। जबकि इंडिगो ने 26 फरवरी तक टिकट बुकिंग का आफर दिया था। जिसमें बड़ी संख्या में यात्रियों ने टिकट बुक कराए थे। इंडिगो के यात्री 13 अक्टूबर तक किसी भी तारीख में उड़ान का आनंद ले सकते हैं। इसके साथ इंडिगो ने उत्तराखंड में सैर करने के लिए बेंगलुरू और मुंबई के यात्रियों को ऑफर दिया। जिसमें इंडिगो ने उत्तराखंड में घूमने के लिए 17299 रुपये का पैकेज लागू किया है। उस पर 5000 रुपये फ्लैट माफ करने का जिक्र भी किया है।
इंडिगो टू उत्तराखंड ऑफर के लिए शर्तें भी लागू की हैं। वहीं, एयरपोर्ट पर तैनात एयरलाइन कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि होली त्योहार के मद्देनजर यात्रियों के लिए ऑफर निकाला गया। एलाइंस एयर की बरेली-दिल्ली फ्लाइट के साथ कनेक्टिंग फ्लाइट जयपुर और चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों को भी लाभ की बात कही जा रही है। इंडिगो की बरेली से बेंगलुरू और मुंबई फ्लाइटों के यात्रियों को भी लाभ मिलने की बात प्रतिनिधि कर रहे हैं। एलाइंस एयर व इंडिगो ने ये ऑफर ट्विटर हैंडल पर भी शेयर किए हैं।
26 से बरेली-जयपुर उड़ान के टिकट की बुकिंग शुरू, एयरपोर्ट नहीं पहुंचा शेड्यूल
इंडिगो एयरलाइंस ने उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के यात्रियों के लिए बरेली से जयपुर हवाई मार्ग से जाने के लिए बड़ी सुविधा दी है। इंडिगो 26 मार्च से बरेली से सीधी जयपुर के लिए फ्लाइट शुरू कर रही है। इंडिगो की वेबसाइट पर फ्लाइट की बुकिंग शुरू हो गई है। इसके लिए वेबसाइट पर फ्लाइट का किराया भी निर्धारित है।
बरेली से जयपुर के लिए 3593 रुपये किराया है और जयपुर से बरेली आने के लिए 133 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ेंगे। जयपुर से बरेली का किराया 3726 रुपये रखा है। इंडिगो की वेबसाइट पर शो हो रहे फ्लाइट के शेड्यूल के अनुसार रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को फ्लाइट संचालित होगी। इसमें फ्लाइट सुबह जयपुर से 9.50 बजे उड़ान भरकर 11.10 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां एयरपोर्ट पर 30 मिनट रुकने के बाद 11.40 बजे बरेली से उड़ान भरकर फ्लाइट 12.50 बजे जयपुर पहुंचेगी। एक यात्री अपने साथ 7 किलो सामग्री हैंड बैग में और 15 किलो बड़े बैग में ले जा सकता है।
इधर, बरेली एयरपोर्ट पर तैनात इंडिगो के स्टेशन प्रबंधक पंकज झा का कहना है कि बरेली-जयपुर फ्लाइट का अभी शेड्यूल प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन इंडिगो की वेबसाइट पर 26 मार्च से फ्लाइट शुरू होने की बुकिंग दिख रही है। वहीं, बरेली एयरपोर्ट के अधिकारी ने भी यही बताया कि फ्लाइट का शेड्यूल अभी एयरपोर्ट अथॉरिटी के पास नहीं पहुंचा है।
ये भी पढ़ें- बरेली: रेता बजरी का कारोबार करने वालों से वसूले एक लाख, सामान जब्त
