मथुरा: नो एंट्री में घुसे बाइक सवार, रोकने पर पुलिस से बदसलूकी...युवकों की पिटाई का वीडियो वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मथुरा, अमृत विचार। रंगभरी एकादशी पर वृंदावन पुलिस द्वारा युवकों के साथ मारपीट का वीडियो शनिवार को जमकर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने इसका संज्ञान लेकर मामले की जांच के आदेश जारी कर दिये हैं।

शुक्रवार को वृंदावन में रंगभरनी एकादशी पर हजारों श्रद्धालुओं ने वृंदावन की पंच कोसीय परिक्रमा लगाई। श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण परिक्रमा मार्ग में छोटे बड़े सभी वाहनों का प्रवेश निषेध कर दिया गया था। जिलाधिकारी पुलकित खरे व एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय स्वयं परिक्रमा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखे हुए थे। बताया जाता है कि परिक्रमा मार्ग में लगे बैरियर को बाइक सवार दो युवकों ने जबरन पार करने का प्रयास किया, जब पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका तो उनके साथ बदसलूकी की।

पुलिस कर्मियों ने दोनों युवकों की पिटाई लगा दी। बताया जाता है कि पिटाई से एक युवक बेहोश तक हो गया। इसकी सूचना युवकों के परिजनों को लगी तो वह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस के इस रवैये को देखते हुए स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और लोग पुलिसकर्मियों से भिड़ गए। आक्रोशित लोगों ने युवकों के साथ मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों से खींचतान तक कर दी। लोगों का आक्रोश देख पुलिसकर्मी दोनों युवकों और उनके परिजनों को लेकर थाने आ गए। इधर, किसी ने पुलिस द्वारा युवकों की पिटाई का वीडियो बनाकर शनिवार को वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने इसका संज्ञान लिया। पुलिस मीडिया सेल ने इसका खंडन करते हुए पोस्टर जारी किया है। 

एसएसपी ने बताया कि होली पर्व के दृष्टिगत सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मियों की ड्यूटी पानीघाट चौराहे चार संप्रदाय मार्ग बैरियर पर लगी थी। परिक्रमा की भीड़ के कारण बैरियर से छोटे बड़े वाहनों का मार्ग से निकलना निषेध था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक बैरियर से बाइक निकालने का प्रयास करने लगे। जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का मुक्की व मारपीट करने पर आमादा हो गए। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साथ ही पुलिसकर्मियों के व्यवहार व आचरण की भी विभागीय जांच के आदेश दिये हैं।

यह भी पढ़ें- UP : धधकती होली की आग के बीच से निकलता है पंडा, अन्न का परित्याग कर प्रहलाद मंदिर में कर रहा तप

संबंधित समाचार