सियासत: Amitabh Bajpayi के क्षेत्र Greenpark में लगे पत्थर में सुरेंद्र मैथानी का नाम, विवाद ने पकड़ा तूल
कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में लगे पत्थर में विवाद ने तूल पकड़ा।
कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में लगे पत्थर में सुरेंद्र मैथानी का नाम है। लेनकि वह क्षेत्र सपा विधायक अमिताभ बाजपेई का है। इससे दोनों के बीच विवाद चल रहा है।
कानपुर, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव से पहले ही सपा और भाजपा से टिकट के दावेदार दो विधायकों पत्थरों की सियासत शुरू करते हुए एक दूसरे के खिलाफ आस्तीनें चढ़ा ली हैं। दरअसल हुआ यूं कि सपा विधायक वाजपेयी के चुनाव क्षेत्र ग्रीनपार्क में एक शिलापट भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी का नाम अंकित किए जाने से सपा विधायक बे-चैन हो गए। उन्होंने इस पर विधानसभा में सवाल ही पूछ लिया। इसके बाद मैथानी का पत्थर हटाकर वाजपेयी के नाम का पत्थर लगा दिया गया।
लोग भले ही कहते रहें कि नाम में क्या रखा है। पर राजनीति की बात हो तो नाम में ही सबकुछ रखा है। जनता नेताओं के नंबर बढ़ाती है। कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में अत्याधुनिक जिम और न्यू प्लेयर्स पवेलियन का साल 2021 में लोकार्पण हुआ और उसमें गोविंद नगर से बीजेपी के विधायक सुरेंद्र मैथानी के नाम का पत्थर लग गया। यह बात क्षेत्रीय समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेई को खराब लगी। उन्होंने मामला विधानसभा तक पहुंचा दिया। यह पत्थर ग्रीनपार्क में अत्याधुनिक जिम और न्यू प्लेयर्स पवेलियन का था।
पत्थर में नाम को लेकर चली लड़ाई में आखिरकार विजय समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेई की हुई और पत्थर में उनका नाम अंकित करवा दिया गया है। मैथानी के नाम का पत्थर हटवा दिया गया। दोनों के बीच पत्थर को लेकर सियासी जंग इसलिए और भी वाजिब लगती है कि सुरेंद्र मैथानी और अमिताभ बाजपेयी दोनों ही 2024 की लड़ाई के लिए अपने अपने दल से सबसे कद्दावर दावेदार के रूप में अभी उभर रहे हैं।
सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने इसे अपमानित करने वाला आचरण बताते हुए सत्तापक्ष की चाटुकारिता करने वाले अधिकारियों पर जमकर कटाक्ष किया था। सपा विधायक अमिताभ ने खेल विभाग की उपनिदेशक मुद्रिका पाठक को भी इस मामले में घेर लिया। भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी और उसकी सरकार पत्थरों पर राजनीति नहीं करती उसका ध्यान विकास पर होता है। यदि उन्हें (अमिताभ बाजपेयी) को इतनी ही दिक्कत है तो वह उनकी गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों पर अपने पत्थर लगा सकते हैं।
