Kanpur Loot : बाइक सवार बदमाशों ने शराब ठेकेदार से पांच लाख रुपये लूटे, घटना को अंजाम देकर तमंचा लहराकर हुए फरार
कानपुर के महाराजपुर में शराब ठेकेदार से लूट।
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा लगाकर शराब ठेकेदार से पांच लाख रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी।
कानपुर, अमृत विचार। कमिश्नरेट अंतर्गत बदमाशों और लुटेरों के हौंसले बुलंद हैं। आए दिन हो रही वारदातों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। पुलिस की इस कार्यशैली से सवालियां निशान लग रहे हैं। अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई न होने से हौसले बुलंद हैं, जिनसे रोजाना घटनाएं हो रही हैं। एक ऐसा ही मामले सामने आया है। महाराजपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत बाइक सवार बदमाशों ने असलहे की नोक पर घर जा रहे व्यवसायी से नकदी भरा बैग लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर भाग निकले।
पीड़ित साढ़ व तिलसहरी स्थित शराब ठेकों से बिक्री की लगभग चार लाख रकम लेकर बाइक से घर जा रहा था। लिंक रोड पर बबूल के जंगल के पास पीछे से आए दो बदमाशों ने बाइक में टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद असलहा लगाकर बैग लूट लिया। लाखों की लूट की सूचना जैसे ही पुलिस को हुई तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर चेकिंग शुरू कराई।
महाराजपुर पुरवामीर निवासी (58 वर्षीय)प्रेम नरायन गुप्ता के साढ़ और तिलसहरी समेत आधा दर्जन स्थानों पर देशी शराब ठेका हैं। रविवार सुबह नौ बजे वह घर से बाइक में साढ़ स्थित दुकान पहुंचे। जहां सेल्समैन से दो दिन बिक्री के लगभग तीन लाख रुपये लेकर तिलसहरी बुजुर्ग गांव पहुंचे। यहां से दोपहर पौने बारह बजे लगभग एक लाख रूपये बैग में डाल सरसौल के पुरवामीर स्थित घर के लिए निकले।
तिलसहरी-हाथीपुर गांव के बीच लिंक रोड पर बबूल के जंगल के पास सुनसान जगह पर पीछे से आए बाइक सवार दो असलहाधारी बदमाशों ने प्रेम नरायन की बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह गिर पड़े तो पीछे बैठे युवक ने तमंचा लगाकर चार लाख नकदी भरा बैग लूट लिया। इसके बाद जब तक वह कुछ समझ पाते तक बदमाश हाईवे की तरफ फरार हो गए। पीड़ित ने फोन से पुलिस को सूचना दी। जिससे हड़कंप मच गया।
थाना प्रभारी सतीश राठौर मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि बदमाश साढ़ से ही कारोबारी के पीछे लगे थे। तिलसहरी शराब ठेका के पहले दुकान में लगे सीसीटीवी में बाइक सवार लुटेरों की फोटो कैद हुई है। पीड़ित प्रेमनरायन ने फुटेज देखकर पहचान की। पीड़ित ने बताया कि लुटेरे 22-25 साल के युवक थे। महाराजपुर थाना प्रभारी सतीश राठौर ने बताया कि लूट की सूचना पर जांच की जा रही है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं सूचना पर एसीपी अमरनाथ यादव भी मौके पर पहुंच गए और जांच पड़ताल की।
महिला के कान से लुटेरों ने झाले नोचे, घायल
साढ़ थानाक्षेत्र अंतर्गत साढ़-कुडनी मार्ग के बीच स्थित बरईगढ़ गांव के पास दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी सवार महिला के कान के बाले नोंच लिए। जिससे वह घायल गई है। महिला जब तक कुछ समझ पाती तब तक बदमाश भाग निकले। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को भीतरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया। (20 वर्षीय)दिव्या पत्नी रोहित यादव अपनी ससुराल बरनाव पतारा से अपने पिता गया प्रसाद यादव के साथ स्कूटी द्वारा अरंजराय जा रही थी। वह लोग जैसे बरईगढ़ गांव के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आए दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर दिव्या के कान के झाले नोंच खिंचे और कुडनी की तरफ भागने निकले। महिला के कान से तेजी से खून निकलने लगा। घटना से आक्रोशित महिला को देख पुलिस वालों के हाथ पांव फूल गए। साढ़ पुलिस के अनुसार जल्द ही बदमाशों को दबोच लिया जाएगा।
सरेशाम बारहवीं की छात्रा से मोबाइल लूटा
चकेरी थानाक्षेत्र अंतर्गत एचएल टाउनशिप में सरेशाम लुटेरों ने बारहवीं छात्रा साक्षी सिंह निवासी सफीपुर को धक्का देकर मोबाइल लूट की घटना को अंजाम दिया। वारदात से छात्रा जख्मी हो गई। वारदात के बाद लुटेरे रामादेवी की ओर भाग निकले। घटना चकेरी थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई है। इस दौरान छात्रा सड़क किनारे खड़े होकर फूट-फूटकर रोने लगी। वारदात के बाद पीडि़ता दहशत में है। आरोप है, कि थाना पुलिस ने लूट की घटना को दर्ज करने की वजह कहीं गिर जाने की बात लिखित देकर मामला दर्ज करने को कहा है। पीड़िता अब ऑनलाइन मामला दर्ज कराने जा रही है।
