बीजेपी सांसद हरनाथ सिंह ने राहुल गांधी को बताया देश के लिए खतरनाक... चीन, पाकिस्तान और खालिस्तानियों से की तुलना

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी (BJP)के राज्यसभा सदस्य हरनाथ सिंह यादव ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। राज्यसभा सदस्य हरनाथ सिंह यादव ने राहुल गांधी की तुलना चीन, पाकिस्तान और खालिस्तानियों से की है। उन्होंने देश के लिए राहुल गांधी को खतरनाक बताया है। 

राज्यसभा सदस्य हरनाथ सिंह यादव ने रविवार को दिये बयान में देश के लिए राहुल गांधी को घातक बताया है। साथ ही यह भी कहा है कि राहुल गांधी देश के दुश्मनों की भाषा बोलते हैं और उनके साथ समझौता करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति में जब से थोड़ी चमक बढ़ी है। तब से उनके संबंध देश विरोधी ताकतों के साथ हैं।

उन्होंने उदाहरण देते हुये कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि पूरी दुनिया के अन्दर चीन सद्भाव बढ़ाने वाला देश है। जबकि देश समेत पूरी दुनिया जानती है कि चीन भारत का दुश्मन नंबर एक है,जबकि पाकिस्तान दुश्मन नंबर दो। दुनिया में बहुत सी ऐसी ताकतें हैं,जो भारत के बढ़ते मान सम्मान और ताकत को बर्दाश्त नहीं कर पा रही हैं। देश के अन्दर तमाम लोग ऐसे हैं जो भिन्न- भिन्न तरीकों से विदेश में जाकर भारत की छवि विगाड़ने का काम कर रहे हैं। कुछ लोग सुनियोजित तरीके से रहते और खाते तो हिन्दुस्तान में हैं। शरीर तो उनका हिन्दुस्तान में है लेकिन आत्मा व दिलो दिमाग विदेश में बैठा हुआ है।

राज्यसभा सदस्य हरनाथ सिंह यादव ने आगे कहा कि जब से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बने हैं, तब से देश का मान सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। वहीं राहुल गांधी देश की सेना का मनोबल गिराने में लगे हैं। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी की देश के विरोधियों से संबंध हैं। देश को राहुल गांधी से सतर्क रहना चाहिए। उदाहरण के तौर पर जब चीनी सेना और भारतीय सेना आमने-सामने खड़ी होती है,तो राहुल गांधी चीन का समर्थन करते हैं। राज्यसभा सदस्य हरनाथ सिंह यादव ने राहुल गांधी पर राजीव गांधी फाउंडेशन के नाम पर चीन से करोड़ों रुपए लेने का भी आरोप लगाया है।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर छात्रा से हड़पे 40 लाख रुपये, मुकदमा दर्ज

संबंधित समाचार