बरेली: मुंबई समर स्पेशल ट्रेन में बुकिंग शुरू होते ही वेटिंग चालू
रेलवे प्रशासन द्वारा ऑन डिमांड चलाई जा रही मुंबई स्पेशल
बरेली, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल द्वारा मुंबई के लिए समर स्पेशल ट्रेन बुधवार से मुंबई से चलाई जाएगी। इस ट्रेन का संचालन 29 जून तक किया जाएगा, लेकिन ट्रेन में टिकटों की बुकिंग शुरू होते ही वेटिंग दिखाने लगा है। यह स्थिति तब है, जब मुंबई जाने वाली नियमित ट्रेनों से समर स्पेशल ट्रेन का किराया लगभग 22 प्रतिशत तक अधिक है।
ट्रेन संख्या 09076 काठगोदाम मुंबई सेंट्रल समर स्पेशल ट्रेन में टिकटों की उपलब्धता की बात करें तो सोमवार शाम तक स्लीपर श्रेणी में 30 मार्च से पहले कनफर्म टिकट उपलब्ध नहीं थे। इस ट्रेन में 09 मार्च को 36 वेटिंग, 16 मार्च को 13 वेटिंग, 23 मार्च को 01 वेटिंग ऑनलाइन दिखा रहा था।
30 मार्च से 29 जून तक कन्फर्म टिकट मिल रहे हैं। केवल 8 जून को वेटिंग है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि गर्मियों की छुट्टियों में इस ट्रेन के जरिये यात्री अधिक सफर करना चाहते हैं। ट्रेन प्रत्येक गुरुवार काठगोदाम से शाम 05.30 बजे चलकर हल्द्वानी से 05.52 बजे, लालकुआं से 06.33 बजे, किच्छा से 07.09 बजे, बहेड़ी से 07.30 बजे, इज्जतनगर से 08.08 बजे, बरेली सिटी से 08.23 बजे, बरेली जंक्शन से 08.47 बजे चलकर अपने निर्धारित स्टेशनों से होते हुए अगले दिन 08.55 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।
वापसी में 09075 मुंबई सेंट्रल काठगोदाम समर स्पेशल प्रत्येक बुधवार मुंबई सेंट्रल से सुबह 11.00 बजे चलकर अपने निर्धारित स्टेशनों से होते हुए अगले दिन बरेली जंक्शन से 10.50 बजे, बरेली सिटी से 11.05 बजे, इज्जतनगर से 11.25 बजे, बहेड़ी से 12.22 बजे, किच्छा से 12.40 बजे, लालकुआं से दोपहर 01.15 बजे हल्द्वानी से 01.50 बजे रवाना होकर काठगोदाम 02.30 बजे पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- बरेली: रिश्तेदार के घर में मिली युवक की लाश, हत्या का आरोप
