प्रयागराज: होलिका दहन से पहले निकली ऐतिहासिक हथौड़ा बारात, Video ने मोहा मन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 प्रयागराज। प्रयाग नागरिक संगठन की ओर से सोमवार को ऐतिहासिक हथौड़ा बारात केसर विद्यापीठ इंटर कॉलेज चौक से पूरे भौकाल के साथ निकाली गयी। विशिष्ट अतिथि किन्नर अखाड़ा की कौशल्या नंद गिरि और कल्याणी नंद गिरि ने हथौड़े से कुरीतियों के प्रतीक कद्दू भंजन कर बारात की शुरुआत की।

कंधाचढ़ाई से पहले दूल्हा बने हथौड़ा का कजरऊटा लगवाई, हार श्रृंगाार, बछइयां उतरवाई, मूसर नचावन, लालटेन से आरती उतारन, बल्लैयां लेवाई की रस्में पूरी गयीं। बारात खोवामंडी, जीरो रोड, घंटाघर, लाल डिग्गी, लोक नाथ चौराहा होते हुए विद्यालय परिसर में आकर समाप्त हुई। बारात में शामिल घोड़ा, ऊंट, बैंड-बाजा, डीजे, झालरी लाइटें और आतिशबाजी बारात की शोभा बढ़ा रहे थे। बारात का जगह-जगह लोगों ने फागुनी मस्ती के साथ पारंपरिक गीतों से स्वागत किया।

विशिष्ट अतिथि पूर्व कमिश्नर आरएस वर्मा, पीके सिन्हा, ओपी गुप्ता, मोहम्मद अजीम चांद भाई, अमितेश, रश्मि शुक्ला, गोपीनाथ, गौरीशंकर, रघुनाथ द्विवेदी, श्यामसुंदर सिंह, कल्याणी नंद गिरि, डॉ. बीके कश्यप, लाल चंद कुशवाहा, अरुण केसरवानी, डीपी सिंह मौजूद रहे। संयोजक संजय सिंह ने कहा कि हथौड़ा बारात शहर की सांस्कृतिक धरोहर है।  

बारातियों में शामिल रहे खोचड़, सलोधर
हथौड़ा बारात में शामिल बारातियों के नाम को व्यंग्यपरक रूपक दिए गए। इसमें सलोधर, खोंचड़, जड़दार, मुर्रेदार, बैठकबाज, टप्पेबाज, नकबहेल, मंतरबाज, लंतरानीबाज, कुरीच, छूरियल, नौरंगा, भर्रेदार, लपुझन्ना, लेड़ीतर, बतोलेबाज, लपरहे, घाऊ-घप, बाराहों, चवन्नीकम, खुररैट, लेहड़ीबूची आदि शामिल रहे।

यह भी पढ़ें:-अखिलेश ने BJP पर साधा निशाना, कहा- संविदाकर्मियों की होली को बदरंग कर रही है भाजपा सरकार

संबंधित समाचार