हल्के में न लें सर्दी-जुकाम, तेजी से फैल रहा एच3-एन2 वायरस
बरेली, अमृत विचार। इन दिनों इन्फ्लूएंजा ए के एच3एन2 वायरस के संक्रमण को लेकर विशेषज्ञों की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। खांसी, गले में खराश व दर्द से परेशान लोग मौसम में बदलाव मानकर इसे हल्के में ले रहे हैं। एल3एन2 वायरस के लक्षण भी लगभग ऐसे ही हैं। कर्नाटक, दिल्ली व अन्य जगह इस वायरस के बचाव के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को मास्क पहनने के लिए अनिवार्य कर दिया है। डॉक्टरों का कहना है कि यह वायरस कोरोना से भी तेजी से फैल रहा है।
वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डा. अतुल अग्रवाल ने देश के कई राज्यों में फैल रहे एच3एन2 इन्फ्लूएंजा से लोगों को सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सर्दी, जुकाम वाले मरीजों को विशेष रूप से मास्क पहनना चाहिए। वहीं, शारीरिक दूरी का पालन करें और बार-बार हाथ धोते रहें। बुजुर्गों और पहले से ही किसी बीमारी से परेशान लोगों को इससे ज्यादा परेशानी हो सकती है।
छोटे बच्चे और बुजुर्गों पर ज्यादा असर
उन्होंने बताया कि देश के कई हिस्सों में कुछ महीनों में लंबी बीमारी और लंबे समय तक खांसी के साथ इन्फ्लूएंजा के मामले तेजी से बढ़े हैं। कोरोना वायरस से जूझने के बाद अब इन मामलों में वृद्धि ने आम जनता के बीच एक डर पैदा कर दिया है। इस वायरस का सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों व बुजुर्गों में देखा जा रहा है। बच्चों में निमोनिया भी इसका एक प्रमुख लक्षण है।
यह भी पढ़ें- Delhi-NCR में H3N2 वायरस की दहशत, जानिए इस बीमारी के लक्षण और बचाव के उपाय
