मेरठ: 21 घंटे बाद नाले में मिला मासूम बच्ची का शव, मचा कोहराम
मेरठ, अमृत विचार। ब्रह्मपुरी पुलिस ने 21 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लापता हुई बच्ची का शव नाले से बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव बरामद होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
ब्रह्मपुरी में ललित लोधी अपने परिवार के साथ रहते हैं। होली खेलने के बाद बुधवार देर शाम वह अपनी चार साल की बेटी पूर्वी को घर के पास ही दुकान पर जूस पिलाने लेकर गए थे। इसी दौरान पूर्वी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी ढूंढने के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा।
दुकान के पास एक नाला है। पिता ललित ने बच्ची के नाले में गिरने की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची की तलाश शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। पुलिस ने जेसीबी की सहायता से नाले में बच्ची को खोजना शुरू किया।
बृहस्पतिवार को 21 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची पूर्वी का शव नाले से बरामद हुआ। बच्ची का शव नाले से निकलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पिता ललित का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना ब्रह्मपुरी प्रभारी विष्णु चंद्र कौशिक ने बताया कि बच्ची की तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए थे। एक कैमरे में बच्ची नाले में गिरते हुए दिखाई दी। जिसके, बाद जेसीबी मशीन से बच्ची की तलाश शुरू की गई थी।
यह भी पढ़ें- मेरठ: नशे में धुत स्कार्पियो सवार युवकों ने मचाया उत्पात, घर के बाहर बैठे लोगों पर चढ़ाई गाड़ी
