पीलीभीत: पिता-पुत्र पर चाकू से 14 वार कर की जान लेने की कोशिश, एक धरा
न्यूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम हरकिशनापुर की वारदात, पिता की हालत गंभीर होने पर किया बरेली रेफर
पीलीभीत, अमृत विचार। घर के बाहर बैठे पिता-पुत्र से गांव के ही कुछ दबंगों ने पहले गाली गलौज की। विरोध करने पर जानलेवा हमला करते हुए चाकू से कई वार कर लहूलुहान कर दिया। हालत गंभीर होने पर पिता को बरेली रेफर कर दिया गया है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम हरकिशनापुर निवासी राममूर्ति (45) खेती करते हैं। वह गुरुवार सुबह बेटे विकास (18) के साथ बैठे हुए थे। इस दौरान गांव का ही धीरज अपने साथियों के साथ आया और बेवजह गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी हमलावर हो गए। राममूर्ति की पिटाई कर दी। चाकू से कई वार किए गए। बचाने आए बेटे को भी चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया गया।
चीखपुकार सुनकर परिवार वाले व आसपास के ग्रामीण आ गए। जिसके बाद आरोपी धमकी देकर भाग गए। आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर पिता राममूर्तिलाल को बरेली रेफर कर दिया गया। घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे परिवार वालों ने बताया कि हमला जान लेने की नीयत से किया गया था। राममूर्ति पर एक दो नही चाकू से 14 वार किए गए।
घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी धीरज को हिरासत में ले लिया गया है। अन्य की तलाश में टीम दबिश दे रही है---उदयवीर सिंह, एसओ न्यूरिया।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: बाइक की टक्कर के बाद डीएम की कार पेड़ में घुसी, कई घायल
