लखनऊ : होली के हुड़दंग ने 400 को पहुंचाया अस्पताल, 17 की गई जान

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

सड़क हादसे और मारपीट के घायल पहुंचे इलाज कराने

लखनऊ, अमृत विचार। शहर में होली के जोश के बीच इस बार भी हुड़दंग कम नहीं हुए। शराब पीकर गाड़ी चलाने से सड़क हादसे और मारपीट में घायल हुए 400 से अधिक लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। इनमें से करीब 200 लोग भर्ती होकर इलाज करवा रहे हैं। अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। इस दौरान 17 मरीजों की जान चली गई।

सड़क हादसों में घायल के अलावा रंगो से त्वचा व नेत्र रोग की शिकायत लेकर मरीज अस्पताल पहुंचे। सारा दिन एम्बुलेंस के लिए हेल्पलाइन पर कॉल घनघनाते रहे। वहीं, होली के मद्देनजर ओपीडी बंद होने से कुल 1324 मरीज इमरजेंसी में पहुंचे। जहां इनके चेकअप सहित समुचित इलाज की व्यवस्था की गई। मेडिकल से जुड़े लोगों का मानना है कि निजी अस्पतालों में भी बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंचते रहे।

निजी अस्पतालों में भी लोगों का इलाज चल रहा है। अधिकतर अस्पतालों की इमरजेंसी में बड़ी संख्या में घायलों और मरीजों के आने से अफरा-तफरी भरा माहौल रहा। केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. संदीप तिवारी के मुताबिक, होली के दिन ट्रॉमा सेंटर में 287 मरीज इलाज के लिए आए। इसमें सात मृत अवस्था में लाए गए थे। जबकि सात गंभीर रूप से घायल मरीजों की जान चली गई। इसमें चार लोगों की गोली लगने से जान गई। होली के हुड़दंग में सड़क हादसे में 98 लोग आए थे। इसमें कई अभी भर्ती हैं। डॉ. संदीप ने बताया सड़क हादसे में जख्मी कई मरीजों ने शराब पी रखी थी। तेज रफ्तार व नशा हादसे का सबब बना।

बलरामपुर में 295 मरीज आए, 55 भर्ती

बलरामपुर अस्पताल के सीएमएस डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि बुधवार को 24 घंटे में 295 मरीज इमरजेंसी में पहुंचे। इनमें से 55 को एडमिट किया गया। वही 65 को टांके लगाकर ड्रेसिंग करके अस्पताल से घर भेज दिया गया। तीन मरीजों में रंग खेलने के दौरान आंखों में एलर्जी हो गई। वही 17 शराब के सेवन के चलते गंभीर हालत में जख्मी होने के बाद अस्पताल पहुंचे।

सिविल में 570 मरीज आए

सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ.आरपी सिंह ने बताया कि बुधवार को 24 घंटे में 570 मरीज अस्पताल पहुंचे। इनमें से 27 को भर्ती किया गया है। होली के हुड़दंग में करीब 109 केस रहे। इनमें से गंभीर हेड इंजरी के 6 मरीज को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया था। बाकी मरीजों का उपचार करके उन्हें घर भेज दिया गया।

लोकबंधु में पहुंचे 102 मरीज

लोकबंधु अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि 24 घंटे में कुल 102 मरीज अस्पताल पहुंचे थे। इनमें से दो मृत अवस्था में लाए गए थे। वही तीन गंभीर रूप से जख्मी मरीजों को भर्ती करके इलाज किया जा रहा है। बाकी मरीजों को प्राथमिक उपचार बाद घर भेज दिया गया। अस्पताल पहुंचने वालों में 91 पुरुष, 10 महिला व एक बच्चा भी शामिल रहा।
-
लोहिया की इमरजेंसी में पहुंचे 70 मरीज, एक की मौत

लोहिया संस्थान के प्रवक्ता डॉ. एपी जैन के मुताबिक, होली के हुड़दंग में 70 लोग इमरजेंसी में लाए गए। इनमें से नौ मरीजों को भर्ती करना पड़ा। इनमें सड़क हादसे के 30, रंग लगनेके कारण नेत्र संबंधित 12, त्वचा के समस्या से ग्रसित 15 मरीज पहुंचे। इलाज के लिए लाए गए तीन मरीजों को मृत घोषित किया गया, जबकि एक मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें : रायबरेली : भाजपा विधायक अदिति सिंह पर पूर्व विधायक ने लगाया रुपया हड़पने का आरोप

संबंधित समाचार