केजीएमयू में प्रदर्शन का VIDEO : कुलपति का पुतला फूंकने पहुंचे प्रदर्शनकारियों से डॉक्टरों की भिड़ंत, पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश के टॉप चिकित्सा संस्थान किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में शनिवार को प्रदर्शन हुआ है। इतना ही नहीं केजीएमयू की कुलपति का पुतला फूंकने पहुंचे प्रदर्शनकारियों के विरोध में चिकित्सक भी आ गये। जिसके बाद प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा है।
दरअसल, पूरा मामला केजीएमयू के आर्थोपेडिक विभाग से जुड़ा हुआ हैं। यहां बीते शनिवार को ओपीडी में एक युवक डॉ. शांतनु के पास इलाज के लिए आया था। डॉक्टर से सलाह लेने के बाद युवक पार्किंग में पहुंचा। इसी बीच विभाग के एक डॉक्टर भी ट्रामा सेंटर जाने के लिए पार्किंग में पहुंच गये। किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। आरोप है कि इसी के बाद वहां कुछ कर्मचारी भी पहुंच गये। जिन्होंने मरीज और उनके साथ आये तीमारदार से मारपीट की। मारपीट के बाद वहां हंगामा खड़ा हो गया। देखते ही देखते मरीज की तरफ से वहां कई गाड़ियां भी पहुंची, जिसमें युवक सवार थे । मामला बढ़ता देख जिम्मेदार अधिकारियों ने मरीज और तीमारदार से मारपीट करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही थी। तब जाकर मामला शांत हुआ था।
बताया जा रहा है कि एक सप्ताह का समय बीत जाने के बाद भी जब कार्रवाई नहीं हुई, तो आज एक बार फिर कई लोग कार्रवाई की मांग को लेकर केजीएमयू पहुंचे और केजीएमयू प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारी आरोपित कर्मचारियों को जेल भेजने की मांग कर रहे थे। सुनवाई न होने पर प्रदर्शनकारियों ने कुलपति का पुतला फूंकने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों का आक्रोश बढ़ता देख पुलिस ने बल प्रयोग किया। वही डॉक्टरों व प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोक झोक भी हुई है,जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि संजीत सिंह पटेल अपने समर्थकों के साथ केजीएमयू पहुंचे थे। वह स्वयं को मेरठ विश्वविद्यालय का पूर्व अध्यक्ष बता रहे थे और केजीएमयू में बीते दिनों हुई मारपीट का वीडियो पेन ड्राइव में मांग कर रहे थे, लेकिन केजीएमयू प्रशासन ने वह वीडियो सिर्फ जांच अधिकारियों को देने की बात कही। जिस पर वह भड़क गये। हालांकि केजीएमयू प्रशासन ने इस मामले में पहले ही जांच कमेटी बना दी थी, वहीं पुलिस जांच में सहयोगी की बात भी कही है।
कार्रवाई की मांग करने पहुंचे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस प्रशासन ने की सख्ती
पीड़ित को न्याय दिलाने पहुंचे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस प्रशासन ने सख्ती की है। केजीएमयू के गेट पर पुतला फूंकने जा रहे युवक से पुलिस ने पुतला जबरन छीन लिया।
