Bareilly: अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापामारी, वैध दस्तावेज नहीं मिले तो एक सील
बरेली, अमृत विचार। डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. लईक अहमद अंसारी ने टीम के साथ जिले में छापामारी कर कई अल्ट्रासाउंड सेंटरों को चेक किया। इस दौरान एक सेंटर संचालक पंजीयन प्रमाण पत्र नहीं दिखा सका। टीम ने सेंटर को सील कर दिया। वहीं, जिन सेंटरों पर कमियां मिली हैं, उनके संचालकों को चेतावनी दी गई है।
नोडल अधिकारी ने शुक्रवार को कुंडरा कोठी स्थित मन्नत अल्ट्रासाउंड, जीवन ज्योति अल्ट्रासाउंड,रिछा के हर्ष कला अल्ट्रासाउंड, बहेड़ी में ग्लोबल, हिंद, यूनिक, मैक्स, लाइफ लाइन, अरोरा, नियाजी और विद्या अल्ट्रासाउंड सेंटर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान हिंद अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालक पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर टीम ने सेंटर को सील कर दिया। संचालक को तीन दिन के भीतर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
दस्तावेज न दिखाने पर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, निरीक्षण के समय मैक्स और लाइफ लाइन अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद मिले। विभाग ने सभी संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे शासन के मानकों के अनुरूप ही सेवाएं संचालित करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित सेंटर के संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
