लखनऊ : लोहिया पार्क में गंदगी पर छह निलंबित
उपाध्यक्ष ने सहायक उद्यान अधिकारी को दी प्रतिकूल प्रविष्टि
लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने लोहिया पार्क का अचानक निरीक्षण किया तो जगह-जगह गंदगी पाई। संबंधित को फटकार लगाते हुए सुपरवाइजर समेत छह कर्मियों को निलंबित कर दिया। साथ ही सहायक उद्यान अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि दी।
शुक्रवार सुबह 6 बजे उपाध्यक्ष ने गोमती नगर स्थित राम मनोहर लोहिया पार्क का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान पार्क में कूड़ा बिखरा मिला। जगह-जगह पाॅलीथिन व पानी की खाली बोतलें पड़ी मिली। कुछ जगहों पर कूड़े का ढेर लगा देखा, जिससे यह प्रतीत हुआ कि कई दिन से पार्क की सफाई नहीं कराई गई है। इस पर पार्क के स्पेशल सेल में तैनात सुपरवाइजर शशिकांत गुप्ता, मेट विजय बहादुर पटेल, स्वीपर अमित कुमार, सफाई कर्मी चम्पा देवी, राज किशोर हेला व राजकुमार कनौजिया को फटकार लगाते हुए निलंबित कर दिया। इस लापरवाही पर सहायक उद्यान अधिकारी मोहम्मद इमरान को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। स्मारक समिति के प्रबंधक (प्रशासन) डाॅ. आशीष कुमार ने बताया कि उपाध्यक्ष ने चेतावनी देकर तीन दिन के अंदर साफ-सफाई के निर्देश दिए हैं।
जोनल पार्क में पत्थरों की कराएं मरम्मत
उपाध्यक्ष ने कानपुर रोड योजना स्थित जोनल पार्क का भी निरीक्षण किया। सहायक अभियंता अजय गोयल को निर्देश दिए कि पूरे पार्क का सर्वे करा लें और जहां पत्थर टूटे या उखड़े हैं, उनकी मरम्मत कराएं। टेंडर कराकर पार्किंग का संचालन भी कराएं। जिस एजेंसी को फूड कोर्ट के संचालन का ठेका मिला है, उससे समन्वय स्थापित करके अगले माह से फूड कोर्ट शुरू कराएं।
यह भी पढ़ें : खबर का असर : पारिजात अपार्टमेंट पहुंची टीम, देखे हालात
