फर्रुखाबाद की घटना दिल को झकझोर देगी, फंदे पर लटका देख दादी से बच्चे बोले मां झूला झूल रही
फर्रुखाबाद में महिला ने फांसी लगाकर दी जान।
फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र में पति को बाजार भेजा और बच्चों को नमकीन देकर कमरे से बाहर किया। इसके बाद महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। पति को बाजार भेज कर पत्नी ने कमरे में अंगौछा का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। मां को लटका देखकर बच्चों ने दादी को बताया कि मां झूला झूल रही है। यह सुनकर सास कमरे में कई तो बहू को फंदे पर लटका देखकर रोने बिलखने लगी। पति ने घर पहुंच कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला हूसा निवासी रविता (28) ने शुक्रवार 12 बजे पति मनीष को बाजार सामान खरीदने के लिए भेज दिया। आंगन में चारपाई पर बैठाकर कमरे में चली गई। उसने अंगौछे का फंदा बनाया और पंखे के कुंदे के सहारे फांसी लगा ली। नमकीन खत्म होने पर पुत्र तनिष्क (5) व लवीश(3) मां से और नमकीन लेने कमरे में गए। उनको मां फंदे पर लटकी दिखाई दी। दोनों बच्चे दौड़ कर दूसरे कमरे में दादी रूपरानी के पास गए। उन्होंने दादी को बताया कि मां कमरे में झूला झूल रही है।
बच्चों की अजीब गरीब बात सुनकर वह बहू के कमरे में गई तो वहां बहू फंदे पर लटक रही थी। यह देखकर सास रूपरानी के होश उड़ गए। वह रोने बिलखने लगी। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए। रूपरानी ने पुत्र मुनीष को जानकारी दी। वह बाजार से घर आया तो पत्नी को फंदे पर लटका देखा। इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति मुनीष ने बताया कि पत्नी ने बाजार से सामान लाने के लिए कहा था, इस कारण वह करीब 12 बजे बाजार चला गया। 25 मिनट बाद मां ने फोन कर बताया कि रविता ने फांसी लगा ली है। पत्नी से किसी प्रकार को कोई विवाद भी नहीं हुआ था। उसकी शादी 2016 में हुई थी। पत्नी हरदोई जिले के थाना पाली के भरखनी गांव की रहने वाली थी। उसके मायके के लोग भी आ गए है। थानाध्यक्ष संत प्रकाश पटेल ने बताया की शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
