बरेली: अप्रैल तक बन जाएंगी शहर से निकलने वाली छह सड़कें
पीलीभीत रोड पर पांच किमी लंबी सड़क का पांच करोड़ से होगा निर्माण, तीन दिन पहले शुरू हो चुका है काम
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। शहर से बाहर निकलने वाली खराब सड़कों को दुरुस्त करने का काम तेजी से शुरू हो गया है। पीडब्ल्यूडी अफसरों के मुताबिक छह प्रमुख सड़कों में से कुछ का निर्माण मार्च और बाकी का अप्रैल में पूरा होने की उम्मीद है। तीन-चार दिन में सीबीगंज और मिनी बाईपास समेत तीन और प्रमुख सड़कों पर काम शुरू हो जाएगा। लालफाटक रोड को फोरलेन करने के काम को लेकर खुद पीडब्ल्यूडी अधिकारी भी अनिश्चित हैं। दरअसल इस सड़क के दोनों तरफ खड़े पेड़ों को काटने का काम ही वन निगम ने अब तक ठीक से शुरू नहीं किया है।
पीडब्ल्यूडी अफसरों के मुताबिक शहर से जुड़ने वाली कई प्रमुख सड़कें पिछले साल ही काफी खराब हो गई थीं। निरीक्षण में इन पर गहरे गड्ढे पाए गए थे। इसके बाद अलग-अलग विभागों ने इन्हें दुरुस्त करने की कार्ययोजना बनाई। बीडीए ने इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी से सेटेलाइट तिराहे तक 12 किलोमीटर, बदायूं रोड पर 3.9 किलोमीटर और बैरियर टू से डेलापीर तक नए सिरे से सड़क बनवानी शुरू की।
इन सभी का 60 से 80 प्रतिशत काम पूरा होने की बात कही जा रही है। नगर निगम को संजय नगर मुख्य मार्ग, कर्मचारी नगर रामलीला मैदान रोड, ईंट पजाया से मूर्ति नर्सिंग होम तक सड़कों का निर्माण कराना है। इनके निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है लेकिन फिर भी काम शुरू नहीं हो सका है।
शहर में इन सड़कों को बना रहा है पीडब्ल्यूडी
पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड के एक्सईएन नारायण सिंह ने बताया कि विभाग मिनी बाईपास और सिटी स्टेशन से मिनी बाईपास तक रोड निर्माण करा रहा है। दोनों सड़कों पर जहां जलभराव होता है, वहां सीसी रोड बनाई जा रही है। कुछ और सड़कें ऐसी हैं जिनका निर्माण अप्रैल में शुरू होना संभावित है। इसके अलावा पीलीभीत बाईपास पर पांच करोड़ का टेंडर कर काम शुरू कराया जा चुका है। पहले चरण में बीसलपुर चौराहे से सेटेलाइट की ओर जाने वाली सड़क की एक लेन दुरुस्त कराई जा रही है।
निर्माणाधीन सड़कें- लागत
- बदायूं रोड से करगैना के आगे तक 3.9 किमी- 18 करोड़
- सेटेलाइट तिराहे से इन्वर्टिस तक 12 किमी- 48 करोड़
- डेलापीर से बेरियर टू तक 3.2 किमी - 32 करोड़
- सीबीगंज से मिनी बाईपास तिराहा आठ किमी- 30 करोड़
- मिनी बाईपास रोड 3.8 किमी- 3.5 करोड़
- सिटी स्टेशन रोड 4.5 किमी- 3.80 करोड़
यह भी पढ़ें- बरेली: अवकाश के बाद ड्राइविंग टेस्ट के लिए जुटे आवेदक, 27 चालकों में से दो ही चला सके कार
