Kanpur Weather Today : हफ्ते भर में असर दिखाने लगेगी लू, गर्मी से बचाव के लिए इस तरह रखना होगा अपना ख्याल
कानपुर में हफ्ते भर में लू असर दिखाने लगेगी।
कानपुर में हफ्ते भर में लू असर दिखाने लगेगी। गर्मी से बचाव और रोगों को लेकर लोगों को सावधान रहने की अपील। आधा मार्च बीतते ही लू का असर दिखने लगेगा। लू से बचने के लिए ख्याल रखना होगा।
कानपुर, अमृत विचार। मार्च महीने में भीषण गर्मी के संकेत ने प्रशासन को भी अलर्ट जारी करने पर मजबूर कर दिया है। लू चलने से गर्मी में होने वाली बीमारियां सक्रिय हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को सावधान रहने के लिए कहा गया है। साथ ही गर्मी से बचाव और पानी और स्वच्छता को लेकर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर निर्देशित किया गया है।
इस वर्ष दो महीने पहले ही गर्मी का भीषण रूप दिखने के संकेत हैं। आधा मार्च बीतते ही गर्म हवा भी अपना असर दिखाने लगेगी। जो गर्मी मई और जून में रहती थी, उस गर्मी का अहसास मार्च महीने में ही होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में गर्मी के मौसम में होने वाली डिहाइड्रेशन सहित अन्य बीमारियों को लेकर खतरा बढ़ जाता है। प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि इनसे बचने के लिए हर व्यक्ति पानी को लेकर विशेष ध्यान दें। साथ ही विभागों को भी निर्देशित किया कि स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए पेयजल संबंधित व्यवस्थाएं सुचारू किए जाएं।
एडीएम वित्त राजेश कुमार ने कहा कि मार्च से मई के मध्य उत्तर पूर्व व पूर्वी और मध्य क्षेत्र के अधिकांश व पश्चिमोत्तर के कुछ भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की आशंका है। गर्मी के प्रभाव और इसके कारण उत्पन्न होने वाले रोगों के प्रबंधन और प्रभावी तैयारी कराने के लिए शासन ने निर्देश जारी किए हैं। गर्म हवा से बचाव के सभी आवश्यक उपायों के विषय में व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है। इससे आम जनता इससे अलर्ट हो सके।
मुंबई जैसा फिर मौसम, रात में पारा घटा
मुंबई-गोवा जैसे समुद्री इलाकों की तरह फिर से कानपुर का तापमान होने लगा है। शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच करीब 17 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। दिन में हल्की बदली भी छाई रही, जिससे धूप पर हल्का असर पड़ा। लेकिन, फिर भी तापमान ने 30 का आंकड़ा पार किया। उधर रात में पारा चौबीस घंटे में कम रहा। इससे रात में दिन के मुकाबले ठंडक रही। सीएसए विवि के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि इसी तरह का मौसम आगे भी कुछ दिन तक रह सकता है। 15 मार्च के बाद गर्म हवा और दिन का पारा 35 तक पहुंचने की आशंका है।
