Kanpur News: गंगा मेला में लक्ष्मण रेखा खिचने के साथ बढ़ेंगे अर्पण घाट, Nagar Nigam, Kesco को दिए ये निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में गंगा मेला को सरसैया घाट का जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया।

कानपुर में गंगा मेला को सरसैया घाट का जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने नगर निगम, केस्को सहित विभागों को सफाई और बिजली संबंधित व्यवस्थाओं के लिए निर्देशित किया। इसके साथ ही प्रवर्तन टीम भी मौके पर तैनात रहेगी।

कानपुर, अमृत विचार। गंगा मेला को लेकर 13 मार्च को होने वाले आयोजन से पहले सरसैया घाट में लगने वाली दुकानों के लिए पहले मार्किंग की जाएगी। जिससे जो रेखा खींची जाएगी, दुकानें उससे आगे नहीं आएंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट पर बिजली के तार ऊंचे किए जाएंगे और साफ सफाई की व्यवस्था चौकस की जाएगी। मेले में भीड़ को ध्यान में रखते हुए अर्पण घाट भी बढ़ाए जाएंगे। जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने इसको लेकर नगर आयुक्त और केस्को के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
 
शुक्रवार को जिलाधिकारी ने अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ सरसैया घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ घाट की सफाई व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और मेला प्रबंधन से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं को समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जोनल अधिकारी सरसैया घाट चौराहे से लेकर घाट तक साफ-सफाई कराएं। खान-पान वाले स्थानों पर डस्टबिन की व्यवस्था करें। केस्को के अधिशासी अभियंता को आयोजन स्थल और घाट में लटकते बिजली के तारों को सही तरीके से सुव्यवस्थित कराने को कहा गया।
 
नगर आयुक्त घाट पर लगने वालीं दुकानों को सुव्यवस्थित तरीके से लगाने को लेकर व्यवस्था बनाने को निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्थानीय दुकानदारों के साथ समन्वय बनाते हुए मार्किंग करें, जिससे घाट एवं गंगा नदी में जाने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। मार्किंग का पालन कराने के लिए प्रवर्तन टीम को भी तैनात करने को कहा गया। साफ सफाई के साथ ही घाट में अर्पण स्थलों की संख्या और बढ़ाने को कहा गया। इस दौरान नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु गुप्ता, एडीएम नगर अतुल कुमार, पुलिस उपायुक्त रवीना त्यागी मौजूद रहीं।
 

संबंधित समाचार