केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक की तस्वीर शेयर कर अखिलेश ने ली चुटकी, कहा- चलो मिलकर पलटाई...
लखनऊ। यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की एक विशेष विमान में मुस्कुराते हुई हाथ मिलाने वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। इस वायरल तस्वीर को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी रविवार को तंज कसा है। अखिलेश यादव ने इस तस्वीर के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्रियों के बीच कथित तनाव के मामले पर निशाना साधा है।
रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने समाजवादी मीडिया सेल के दो ट्वीट को रीट्वीट किया, जिनमें एक विशेष विमान में गर्मजोशी से हाथ मिलाते हुए दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की मुस्कुराती हुई तस्वीर साझा करते हुए कहा गया है- 'चलो मिलकर पलटाई।' दूसरे ट्वीट में कहा गया है, '50-50 का जुगाड़ मिलकर कर लिया, 100 सपा वाले प्लस राजभर, निषाद, पटेल बन गयी अपनी सरकार।'
चलो मिलकर पलटाई👇? pic.twitter.com/gZUn0tecRc
— SamajwadiPartyMediaCell (@MediaCellSP) March 11, 2023
बता दें कि इससे पहले अखिलेश यादव ने बीते सितंबर में एक चैनल को दिये गये साक्षात्कार में कहा था,‘केशव प्रसाद मौर्य अपने 100 विधायक लेकर आएं, हम उन्हें मुख्यमंत्री बना देंगे।’ उसके बाद केशव मौर्य ने अखिलेश यादव को सपा में टूट रोकने की नसीहत देते हुए दावा किया था कि सपा के 100 विधायक भाजपा में आने को तैयार हैं।
सपा प्रमुख के ट्वीट के कुछ देर बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को एक ट्वीट में निशाना साधते हुए कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार की सफलता से जनता खुश, विपक्ष परेशान है, एक पूर्व मुख्यमंत्री मंडली सहित हैरान हैं, यही भाजपा की पहचान है।'
यह भी पढ़ें:-माफिया मुख्तार अंसारी की 26 लाख रुपये की बेनामी संपत्ति जब्त
