अयोध्या: भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा- आगामी चुनाव की तैयारी में जुटें कार्यकर्ता
अयोध्या, अमृत विचार। भाजपा महिला मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रविवार को शाहनेवाजपुर स्थित द रामायना होटल में संपन्न हुई। बैठक में आगामी निकाय और 2024 के लोकसभा चुनाव पर फोकस रहा। संगठन की भावी रणनीति तथा कार्ययोजना पर विचार विमर्श हुआ।
मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानति श्रीनिवासन ने कहा कि संख्या से अधिक कार्यकतार्ओं की गुणवत्ता पर ध्यान देना चाहिए। प्रबुद्ध वर्ग की महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा पार्टी के साथ जोड़ना होगा। हमें जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी परिवारों से सीधे संपर्क में रहना है और अभी से निकाय तथा लोकसभा चुनाव के लिए जुट जाना है।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि पार्टी में 44 प्रतिशत प्रधान, 43 प्रतिशत ब्लाक प्रमुख तथा 45 प्रतिशत जिला पंचायत अध्यक्ष महिलाएं है। पूर्व में भाजपा ने 17 नगर निगम में 14 में जीत दर्ज की थी। इस बार और अधिक जीतनी है तथा बोर्ड में बहुमत लाना है।
अध्यक्षता कर रहीं प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य ने कहा कि प्रदेश की कमान सशक्त हाथों व विचारों में होने के चलते आज कानून व्यवस्था और विकास सशक्त है। दूसरे सत्र में मोर्चा के प्रदेश प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसे ध्वनि मत से पास किया गया। संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष अश्मिता चंद्र ठाकुर ने किया।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष व सभी जिलों व महानगरों की अध्यक्ष उपस्थित रहीं। दीनदयाल उपाध्याय तथा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण और वंदे मातरम के गान के साथ महिला मोर्चा कार्यकर्तार्ओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी और महिला मोर्चा प्रदेश प्रभारी विजय बहादुर पाठक का स्वागत किया। प्रदेश मंत्री डॉ ममता पांडेय ने राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा वानति श्रीनिवासन व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को स्मृति चिह्न भेंट किया।
सराहनीय रहा महिला मोर्चा का सेल्फी अभियान: धर्मपाल सिंह
भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि महिला मोर्चा द्वारा चलाया गया सेल्फी अभियान बहुत ही सराहनीय रहा। महिला मोर्चा की बूथ स्तर तक की कमेटी को सशक्त बनाना है। उन्होंने मोर्चा कार्यकतार्ओं को लाभार्थियों से लगातार संपर्क में रहने तथा नगर निकाय व लोक सभा चुनाव के लिए तैयार रहने की अपील की। कार्यसमिति बैठक के औपचारिक उद्घाटन के पूर्व वह शनिवार शाम महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की पदाधिकारियों के साथ बैठ कर आगामी चुनाव पर चर्चा कर रहे थे।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल का श्रम मंत्री अनिल राजभर ने किया निरीक्षण, दिए ये निर्देश
