मुरादाबाद : चोरी का विरोध करने पर मजदूर को मारा चाकू, मौत
मझोला थाना के जयंतीपुर चौकी क्षेत्र की घटना, मोहल्ले का ही युवक छत के रास्ते घुसा था चोरी करने, गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में घर में घुसे चोर ने विरोध करने पर मजदूर को चाकू मार दिया। घटना के बाद हड़कंप मच गया। एसपी सिटी और सीओ ने घटना स्थल पर पहुंच कर निरीक्षण किया। पुलिस एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं घायल मजदूर ने निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया है।
थाना मझोला के जयंतीपुर मंसूरी कालोनी निवासी रहमत अली (55) पीतल कारखाने में मजदूरी करते थे। परिवार में पत्नी और तीन संतान है। जानकारी के अनुासर सोमवार तड़के उनके घर में चोर घुस गए। चोर सामान समेट रहे थे तभी आहट होने पर रहमत अली की नींद खुल गई। उन्होंने मौके से भाग रहे एक चोर को पीछे से दबोच लिया। इस पर उसने चाकू निकाल कर रहमत के ऊपर हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से रहमत लहुलूहान होकर वहीं गिर गए। इस बीच चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने चाकू मारने वाले आरोपी को मौके पर दबोच कर उसकी धुनाई कर दी।
घटना की सूचना पर एसएचओ मझोला धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। दूसरी ओर घटना के बाद परिजन आनन-फानन में रहमत अली को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, सीओ सिविल लाइंस डॉ. अनूप सिंह ने घटना स्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। एसपी सिटी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पकड़े गए एक अरोपी से पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी बदमाश के पैर में लगी गोली, एक पुलिस कर्मी भी घायल
