मथुरा: 15 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान किया गिरफ्तार
मथुरा, अमृत विचार। वृंदावन कोतवाली पुलिस एवं एसओजी टीम ने चोरी एवं लूट मामले में वांछित चल रहे 15 हजार के इनामी शातिर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में शातिर अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की बाइक, लूट का मोबाइल, तमंचा कारतूस बरामद किए हैं।
कार्यवाहक थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि 18 फरवरी को दिल्ली के रोहिणी निवासी शीतला प्रसाद अपनी पत्नी के साथ बांके बिहारी में दर्शनों के लिए आए थे। इसी दौरान आरोपी ने उनका मोबाइल चोरी कर लिया। इससे पूर्व 11 फरवरी को देहरादून के रहने वाले अमित कुमार की कार का शीशा तोड़कर आरोपी दो लैपटाप चोरी कर ले गया। पुलिस ने दोनों पीड़ितों की शिकायत दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज में दोनों वारदातों को थाना सदर बाजार के औरंगाबाद निवासी निक्कू उर्फ रितेश उर्फ नितेश उर्फ लक्की पुत्र अजय उर्फ प्रेम सिंह उर्फ प्रेमपाल सिंह अंजाम देते हुआ दिखाई दिया। अभियुक्त की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए।
इधर, एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया। सोमवार की तड़के पुलिस को सूचना मिली कि 15 हजार का ईनामी निक्कू उर्फ रितेश पवन हंस हैलीपेड के पास देखा गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी तो उन्होंने एसओजी टीम को भी वृंदावन पुलिस की सहायता के लिए मौके पर भेज दिया। पुलिस मौके पर पहुंची तो अभियुक्त ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जबावी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल, चोरी की बाइक तथा तमंचा कारतूस बरामद किये हैं। साथ ही गाड़ी की शीशा तोड़कर चोरी किये गए दोनों लैपटॉप भी बरामद किये हैं। सीओ सदर प्रवीन मलिक ने बताया कि अभियुक्त शातिर किस्म का चोर एवं लुटेरा है। उसके ऊपर थाना सदर बाजार, शहर कोतवाली एवं हाइवे थाने में विभिन्न धाराओं के तहत 10 मुकदमें दर्ज हैं।
ये भी पढे़ं- मथुरा : कई मायनों में अलग और अद्भुत है ब्रज की होली, चरम शबाब पर रहता रंगोत्सव का खुमार
