पीलीभीत: टनकपुर हाईवे पर एकदम चलते-चलते थम गए वाहनों के पहिए, जानिए पूरा मामला
जाम में स्कूली बच्चे और एंबुलेंस भी कई बार फंसे, राहगीर भी हुए परेशान
पीलीभीत, अमृत विचार। सामूहिक विवाह कार्यक्रम को लेकर यातायात पुलिस की ओर से ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने को की गई तैयारियां धरी रह गईं। वाहनों की आवाजाही बढ़ी तो दिन भर टनकपुर हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। दिन में कई बार जाम लगा और एंबुलेंस स्कूली बच्चे हर कोई फंसकर परेशान होता दिखाई दिए। यातायात पुलिस को भी व्यवस्था संभालने में मशक्कत करनी पड़ी।
शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज ग्राउंड पर सोमवार को सामूहिक विवाह आयोजित किए गए थे। शादी के जोड़ों की संख्या को देखते हुए भीड़ जुटना तय माना जा रहा था। टनकपुर हाईवे से सटा होने की वजह से वाहनों के आवागमन को लेकर भी पहले से तैयारियों के दावे किए गए। यातायात पुलिस की प्वाइंटवार ड्यूटी लगाई गई।
खुद टीएसआई टीम के साथ सुबह से दौड़-भाग करते दिखाई दिए। मगर, जब कार्यक्रम को लेकर भीड़ बढ़ी तो व्यवस्था बिगड़ने में देर नहीं लगी। सुबह 10 बजे से ही वाहनों की आवाजाही ने जोर पकड़ा और हाईवे पर हालात बदतर होते चले गए। फिर तो कई बार जाम लगा।
जिला अस्पताल मोड़ से गौहनिया चौराहा होते हुए अशोक कॉलोनी गेट तक का महज तीन से पांच सौ मीटर का सफर तय करने में ही राहगीरों की मुसीबत बनी रही। इसी मार्ग पर जिला अस्पताल है। कई स्कूलों के बच्चों की भी आवाजाही रहती है। ऐसे में जाम में बच्चे और एंबुलेंस भी फंसते रहे। जिन्हें मशक्कत कर पुलिस निकलवाती रही। दोपहर बाद जब कार्यक्रम समाप्त हुआ तब जाकर कुछ राहत राहगीरों को मिल सकी।
सड़क किनारे के गड्ढे भी बने मुसीबत
टनकपुर हाईवे पर गौहनिया चौराहा से लेकर सड़क के जिला अस्पताल मोड़ तक पाइन लाइन के लिए खुदाई की गई थी। उसके बाद इसका कोई सुधार नहीं कराया जा सका है। सड़क किनारे ऊबड़-खाबड़ मिट्टी के ढेर और गड्ढे हैं। इसे लेकर भी राहगीरों को काफी दिक्कत उठानी पड़ी। वहीं, कुछ बाइकर्स ने साइड से निकलने का प्रयास किया और गड्ढों -मिट्टी के ढेर में फंसे तो और हालात बिगड़ते चले गए।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: पहले शराब पिलाई और फिर जहर देकर उतार दिया मौत के घाट, जानिए कैसे हुई युवक की हत्या
