ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग करने वाली बीजेपी सरकार को जाना पड़ेगा : अजय शुक्ला
लखनऊ,अमृत विचार। जिस तरह से केंद्र की बीजेपी सरकार मौजूदा समय में ईडी और सीबीआई को मोहरा बनाकर विपक्ष के नेताओं को दबाने की कोशिश कर रही है। उसका खामियाजा 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को भुगतना पड़ेगा। यह कहना है उद्यमी एवं बरेली कांग्रेस कमेटी के महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला का। वह सोमवार को कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बृजलाल खाबरी के नेतृत्व में शुरू हुए प्रदर्शन में हिस्सा लेने पहुंचे थे।
प्रदर्शन के दौरान बरेली कांग्रेस कमेटी के महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला ने कहा कि बीजेपी सरकार जिस तरह से आम जनता को दबाना चाह रही है, उससे आम जनता भी त्रस्त है, बीजेपी सरकार की नीतियां जनता को पसंद नहीं आ रही है। यही कारण है कि जनता ने साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से हटाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत हासिल होगी। वहीं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

दरअसल,राजधानी में कांग्रेस ने सोमवार को बड़ा प्रदर्शन किया। कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय से राजभवन घेरने जा रहे कांग्रेस नेताओं की पुलिस से जोरदार झड़प हुई। कांग्रेसियों को रोकने के लिए मौके पर भारी पुलिस फोर्स मौजूद रही। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के रास्ते पर लगाए गए बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। जिसके बाद पुलिस से कार्यकर्ताओं की तीखी झड़प और धक्का-मुक्की हुई है। कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार के विरोध में नारे लगाते हुए कांग्रेस कार्यालय पर जमा हुए थे । जहां से उन्होंने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राजभवन घेराव को कूच किया था। लेकिन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी को जैसे ही पुलिस ने हिरासत में लिया । उसके बाद ही प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अपनी गिरफ्तारी आगे बढ़कर देनी शुरू कर दी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाकर ईको गार्डन भेज दिया।
बताते चलें कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि यूपी सरकार जनता से जुड़े सभी मुद्दों पर उदासीन रवैया अपनाये हुए। आम जनता महंगाई की मार से बेहाल है, प्रदेश का युवा बेरोजगारी के चलते दर-दर भटकने को मजबूर, प्रदेश किसान फसल की कीमत न मिलने से आत्महत्या को मजबूर है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस जनता से जुड़े सभी मुद्दों पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करने को तैयार है। 13 मार्च को राजभवन का घेराव कर सरकार को चेताने का काम किया जाएगा। इसी के चलते सोमवार को महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर राजभवन घेरने के लिए आगे बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने माल एवेन्यू से राजभवन जाने वाले रास्ते पर जैसे ही रोका। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
वहीं इस प्रदर्शन में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम, प्रांतीय अध्यक्ष योगेश दीक्षित, प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी, उद्यमी एवं बरेली कांग्रेस कमेटी के महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला,प्रदेश प्रवक्ता के.बी. त्रिपाठी, पीसीसी सदस्य पारस शुक्ला, पीसीसी सदस्य एवं बरेली महानगर प्रवक्ता योगेश जौहरी, जनरल सेक्रेट्री डॉ. सर्वत हुसैन हाशमी ,फिरोज खान आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : Video: लखनऊ में पुलिस से भिड़े कांग्रेस कार्यकर्ता, राजभवन के रास्ते में तोड़ी बैरिकेडिंग, कई गिरफ्तार
