बरेली: लाल फाटक पुल की दूसरी लेन पर काम शुरू, जल्द दौड़ेगा ट्रैफिक
चार महीने बाद सोमवार को सड़क की सफाई के साथ डाला गया डामर
फाइल फोटो
बरेली, अमृत विचार। लाल फाटक पुल की दूसरी लेन पर चार महीने से बंद पड़ा काम सोमवार से शुरू हो गया। पहले दिन सड़क की सफाई और डामर की एक परत डाली गई है। सेतु निगम के अफसर 31 मार्च तक काम पूरा कर ट्रैफिक दौड़ाने का दावा कर रहे हैं। वहीं, बदायूं से आने वाला ट्रैफिक अभी एक ही लेन से गुजर रहा है।
पिछले साल दिसंबर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैली से पहले आनन-फानन में लाल फाटक पुल की एक लेन शुरू की गई थी। सेतु निगम ने इसी माह दूसरी लेन भी शुरू करने का दावा किया था। मगर चार महीने बीतने के बाद भी दूसरी लेन बंद थी। इस पर सड़क नहीं डालने का कारण अधिकारी ठंड में कोलतार नहीं टिकना बता रहे थे। वह मार्च में तापमान अनुकूल होने पर काम शुरू करने का दावा कर रहे थे।
एक लेन से ही दोनों तरफ का ट्रैफिक गुजरने से आवाजाही में लोगों को हो रही दिक्कत हो रही थी। इस मामले को अमृत विचार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया तो अधिकारी हरकत में आए और अब सोमवार से कार्य शुरू कर दिया गया है। उप परियोजना निदेशक वीके सेन ने बताया कि ठंड बढ़ने से पुल पर सड़क निर्माण के लिए स्थिति अनुकूल नहीं थी। तापमान अनुकूल होने पर सोमवार से काम शुरू कर दिया गया है। 31 मार्च तक हर हाल में निर्माण पूर्ण हो जाएगा।
2106 में मिली थी स्वीकृति
जाम से मुक्ति दिलाने के लिए लाल फाटक रेलवे क्रासिंग पर वर्ष 2016 में पुल बनाने की स्वीकृति मिली थी। 95 करोड़ की लागत से 955 मीटर लंबे पुल के लिए सेना की भूमि पर अनुमति लेने में करीब दो वर्ष से अधिक समय लगा था। दिसंबर 2019 में पुल निर्माण का कार्य शुरू हो गया था।
यह भी पढ़ें- बरेली: निवर्तमान उपसभापति का Gmail अकाउंट हैक, अज्ञात ने परिचितों से मांगे रुपये
