प्रयागराज पहुंचे कांग्रेस नेता उदित राज, बोले - यूपी में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त
प्रयागराज, अमृत विचार। मंगलवार को पूर्व सांसद व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उदित राज प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने उमेश पाल हत्याकांड को लेकर प्रदेश सरकार को घेरा और कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। बदमाशों को पुलिस का खौफ नहीं है ।
यूपी की कानून व्यवस्था पर कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार कानून व्यवस्था दुरुस्त होने का दावा करती है, सरकार कहती है कि गुंडे यूपी से भाग चुके हैं। लेकिन उमेश पाल के साथ मौजूद दो सुरक्षा कर्मी मारे जाते हैं। इससे साफ है कि सरकार दावा जरूर करती है कानून व्यवस्था बेहतर होने का, लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है। वहीं कांग्रेस नेता उदित राज ने उमेश पाल हत्याकांड के बहाने सरकार पर वोटो की राजनीति करने का भी आरोप लगाया है। उदित राज ने कहा कि उमेश पाल हत्याकांड का बीजेपी राजनैतिक लाभ लेना चाहती है। उदित राज ने आरोप लगाया कि हत्या से ज्यादा इस घटना को हिंदू-मुसलमान बनाया जा रहा है, ताकि वोट की राजनीति की जा सके।
वहीं यूपी में नवरात्रि के मौके पर मंदिरों में डीएम द्वारा कमेटी गठित कर रामायण का पाठ कराए जाने को लेकर दिए गए सीएम योगी के आदेश पर कांग्रेस नेता उदित राज ने सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा है कि यह धर्म निरपेक्ष राज्य है। यहां पर किसी अधिकारी को किसी धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन में जिम्मेदारी देना संविधान के खिलाफ है। यह धार्मिक कार्यक्रम है, इसको समाज के बीच छोड़ देना चाहिए। समाज जैसे चाहे, वैसे मनाएं। अधिकारियों को धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल करना उचित नहीं है। उदित राज ने कहा कि अगर रामायण पाठ में अधिकारियों की भूमिका तय की जाएगी तो दूसरे धर्म के लोग भी मांग उठाने लगेगे। इससे समाज में बंटवारा हो जाएगा। जो देश की एकता के लिए किसी हालत में ठीक नहीं है।
ये भी पढ़ें - सुल्तानपुर: खेत से लौटते समय ट्रेन की चपेट में आकर वृद्ध की मौत
