बरेली : नगरीय निकाय चुनाव में आरक्षण की श्रेणी बदली तब भाजपा दोबारा से मांगेगी आवेदन
अभी तक निगम के 80 वार्डों के लिए पूर्व आरक्षण के अनुसार 600 आवेदन आए हैं
बरेली, अमृत विचार। नगरीय निकाय चुनाव में नगर निगम के 80 वार्डों के लिए भाजपा से पार्षद पद पर चुनाव लड़ने के लिए 600 लाेगों ने आवेदन किए थे, लेकिन ओबीसी को लेकर आरक्षण की नए सिरे से घोषणा होने पर कुछ वार्डों में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। कितना बदलाव होगा, यह आरक्षण की घोषणा के बाद ही मालूम होगा। ऐसी स्थिति में आवेदन नए सिरे से मांगे जाने की चर्चा तेज हो गई। इस संबंध में भाजपा के जिम्मेदारों ने बताया कि जिन वार्डों में आरक्षण श्रेणी बदलेगी, उस वार्ड में नए सिरे से आवेदन मांगे जाएंगे। यह आरक्षण की घोषणा के बाद प्रक्रिया शुरू होगी। जिन वार्डों का आरक्षण नहीं बदलेगा, वहां पुराने आवेदन ही मान्य होंगे।
भाजपा महानगर के महामंत्री अधीर सक्सेना ने बताया कि आरक्षण में बदलाव होने के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। यदि कुछ वार्डों में बदलाव होगा तब आवेदन फिर मांगे जाएंगे। नगर निगम में महापौर पद के लिए अभी तक 32 आवेदन आए हैं। अभी पार्टी का हर एक कार्यकर्ता चुनाव की तैयारी में जुटा है। 80 वार्डों के वार्ड संयोजकों व मंडल अध्यक्षों के साथ चुनाव को लेकर चर्चा करने के लिए बुधवार को सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय पर दोपहर में 12.30 बजे बैठक बुलाई गई है।
संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में ढेरों आपत्तियां के बीच वोट निरस्त होना भी शुरू
जिले के सभी निकायों में प्रकाशित निर्वाचक नामावली का निरीक्षण करने के बाद आपत्तियां और दावे आने शुरू हो गए हैं। पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मीरगंज में 89 आपत्तियां आई हैं। इसमें एक संशोधन तो एक वोट निरस्त हुआ है। सदर तहसील में 53 आपत्तियों के बीच 5 संशोधन हुए। बहेड़ी में 93 आपत्तियां आईं। तीन वोटों का संशोधन तो सात निरस्त हुए। आंवला में 64 आपत्तियों के बीच एक संशोधन तो एक वोट निरस्त हुआ। फरीदपुर तहसील में 93 आपत्तियों के बीच 10 संशोधन किए गए। नवाबगंज में 97 आपत्तियां आई हैं। 9 संशोधन तो 7 वोट निरस्त हुए हैं।
राजनैतिक दलों के साथ निकाय चुनाव की अहम बैठक आज
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ऋतु पूनिया ने समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्ष एवं सचिवों के लिए मंगलवार को पत्र जारी किया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि नगर निकाय निर्वाचक नामावली संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के संबंध में दावा/आपत्ति प्राप्त करने एवं उनके निस्तारण के लिए अधिसूचना जारी की गई है। 1 जनवरी 2023 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके मतदाताओं द्वारा दावा/आपत्ति के माध्यम से आवेदन पत्र प्राप्त करने के संबंध में चर्चा करने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे बैठक आयोजित की गई है।
