MP : विदिशा में 60 फीट गहरे बोरवेल में गिरे बच्चे का 24 घंटे जिंदगी का संघर्ष ... पर मौत को मात नहीं दे सका लोकेश

MP : विदिशा में 60 फीट गहरे बोरवेल में गिरे बच्चे का 24 घंटे जिंदगी का संघर्ष ... पर मौत को मात नहीं दे सका लोकेश

भोपाल। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में आठ वर्षीय एक बच्चे लोकेश को बोरवेल में गिरने के लगभग 24 घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान लगातार 24 घंटे तक चला। उप विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) हर्षल चौधरी ने बताया कि बच्चे को जिला मुख्यालय से लगभग 14 किलोमीटर दूर लटेरी शहर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। लेकिन डॉक्टरों की टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया। नन्हें लोकेश की मौत से उसके परिवार में मातम है वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीड़ित परिवार को 4 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है।




उमाशंकर भार्गव (कलेक्टर, विदिशा) ने कहा, हमने इस अभियान को 24 घंटे से पहले खत्म किया मगर ये दुखद है कि हम लोकेश को बचा नहीं पाए। मुख्यमंत्री ने इसपर संवेदना व्यक्त की है और लोकेश के परिजनों को 4 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। जो भी दोषी है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। 

घटना मंगलवार सुबह लगभग साढ़े 11 बजे की है। लोकेश बंदरों को भगा रहा था और इसी दौरान वो खेत में बने खुले हुए बोरवेल में गिर गया। सूचना के बाद बचाव कार्य शुरू किया गया। उसे निकालने के लिए चार जेसीबी और तीन पोकलेन मशीनों की मदद से करीब 50फीट गहरा गड्ढा खोदा गया और पांच फीट लंबी सुरंग बनाई गई। बच्चे को ऑक्सीजन की सप्लाई शुरू की गई और सीसीटीवी की मदद से उसके मूवमेंट पर भी नजर रखी जा रही थी।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से बोरवेल के चारों तरफ बैरिकेड्स लगाए गए तथा पुलिस बल भी तैनात किया गया है। जिस बोर में बच्चा गिरा वो बिना केसिंग का और करीब 60 फीट गहरा था। पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कलेक्‍टर उमाकांत भार्गव और लटेरी एसडीएम हर्षल चौधरी सहित प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा। सभी को उम्मीद थी कि बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया जाएगा, लेकिन उसकी मौत से अब चारों तरफ शोक का माहौल है।

 

 



ये भी पढ़ें : लैंड फॉर जॉब : लालू यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती समेत अन्य सभी आरोपियों को मिली जमानत