हरदोई की इस नगर पंचायत में धांधली की होगी जांच, लोकायुक्त ने शासन को लिखी चिट्ठी
हरदोई, अमृत विचार। आखिरकार लोकायुक्त ने नगर पंचायत कुरसठ में साल 2017 के पहले कराए गए विकास कार्यो की जांच के लिए शासन को लिखा,जिस पर सचिव ने डीएम को चिट्ठी जारी करते हुए उनसे तीन महीनें के अंदर जांच रिपोर्ट तलब की है। समाजसेवी जगदीश त्यागी ने लोकायुक्त से शिकायत की थी कि नगर पंचायत कुरसठ में हुए विकास कार्यों में खूब धांधली की गई। जिसमें चेयरमैन के अलावा ईओ,जेई और तत्कालीन लिपिक भी शामिल रहे। माना जा रहा है कि की जाने वाली जांच में इन सबका रसूख खंगाला जाएगा। सचिव की चिट्ठी आते ही कुरसठ नगर पंचायत में खलबली मची हुई है।
जैसा कि बताया गया है कि समाजसेवी जगदीश त्यागी ने लोकायुक्त में शिकायत कर जांच कराने की मांग की थी। जिस पर एक्शन में आए लोकयुक्त ने शासन को चिट्ठी भेजकर धांधली की जांच कराए जाने के निर्देश दिए है। उसी के तहत शासन की तरफ से सचिव ने डीएम को तीन महीनें के अंदर जांच कर उसकी रिपोर्ट पेश करने को कहा है। बताते चलें कि जगदीश त्यागी ने नगर पंचायत कुरसठ की चेयरमैन विद्या देवी,तत्कालीन ईओ, तत्कालीन जेई व लिपिक के खिलाफ दी शिकायती चिट्ठी में कहा है कि विकास कार्यो में शासनादेशों/नियमों का उल्लंघन,टेण्डरों व अन्य सामान क्रय में निर्धारित के बजाय निजी ऐजेन्सियों को मूल्य से अधिक भुगतान, ठेकेदारों के पंजीकरण, नवीनीकरण शासकीय कार्यों में अनियमितता बरते जाने को लेकर लोकायुक्त में गुहार लगाई थी।
शासन की तरफ से आरोपित किए गए लोगों की भूमिका स्पष्ट कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं अनियमितताओं के चलते शासकीय क्षति का आंकलन कर उसकी वसूली की कार्रवाई लोकसेवक से कराते हुए सरकारी कोष में जमा कराए जाने, वित्तीय अनियमितता के विषय में पालिका अधिनियम 1916 के तहत कार्रवाई व समुचित दण्ड किए जाने की संस्तुति भी की गई है।
ये भी पढ़ें -हरदोई: रजिस्ट्री ऑफिस के सामने स्टाम्प वेंडर की दुकान में लगी आग
