Bareilly News: हिट एंड रन मामले में कार बरामद, आरोपी कौन थे पुलिस को नहीं पता
demo image
बरेली, अमृत विचार। हिट एंड रन प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने कार तो बरामद कर ली है, लेकिन पुलिस अब तक ये पता नहीं कर सकी है कि कार में सवार आरोपी कौन थे। बताते हैं आरोपी रसूखदारों की शरण में हैं और बचने के प्रयास में जुटे हैं।
यही वजह है कि पुलिस ने अब तक नाम नहीं खोले हैं। सोमवार रात तेज रफ्तार कार ने गांधी मार्केट में स्कूटी पर बैठे कपड़ा व्यापारी मोहम्मद शफी को टक्कर मार दी थी। हादसे में वह घायल हो गए थे।
टक्कर लगने के बाद स्कूटी पोल से जा टकराई थी, जिससे उसमें आग लग गई थी। इस प्रकरण में शफी अहमद के बेटे मोहम्मद आसिफ ने कार के नंबर के आधार पर थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मंगलवार रात कार को बरामद कर लिया। कार प्रेमनगर क्षेत्र के पावर हाउस रोड जानकीपुरी निवासी ललित मिगलानी की बताई जा रही है।
वहीं पुलिस अब तक ये पता नहीं कर सकी है कि कार में सवार चार युवक कौन थे और कहां के थे। फिलहाल, घायल व्यापारी मोहम्मद शफी की हालत में सुधार है। इंस्पेक्टर कोतवाली दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपियों का पता किया जा रहा है।
ये भी पढे़ं- Bareilly News: आंवला लोकसभा सीट पर भाजपा सांसद की हार तय- नीरज मौर्य
