हरदोई में दूध गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार की मौत, कार्रवाई में जुटी पुलिस
हरदोई, अमृत विचार। फूफा को देख कर वापस लौट रहे बाइक सवार को दूध गाड़ी ने टक्कर मारी और बेकाबू हो कर खाईं में जा गिरी। हादसे में ज़ख्मी हुए बाइक सवार को पहले सीएचसी हरपालपुर में भर्ती कराया गया,जहां से उसे मेडिकल कालेज भेजा गया,वहां उसकी मौत हो गई। कोतवाली शहर की पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेते हुए उसका पोस्टमार्टम कराया है।
बताया गया है कि साण्डी थाने के तकिया निवासई 40 वर्षीय लालाराम पुत्र शिशुपाल मंगलवार को अपने फूफा को देखने सीसी बर्रा गया हुआ था। रात में अपनी बाइक से वापस घर लौट रहा था। उसी बीच रास्ते में इकनौरा गांव के पास पीछे से आ रही दूध गाड़ी उसे टक्कर मारते हुए खाईं मे़ जा गिरी। टक्कर लगने से बाइक सवार लालाराम बुरी तरह से ज़ख्मी हो गया। आनन-फानन में पहले तो उसे हरपालपुर सीएचसी ले जाया गया,जहां के डाक्टरों ने उसे मेडिकल कालेज के लिए रिफर कर दिया,जहां उसकी रात में ही इलाज के दौरान मौत हो गई। खेती-बाड़ी करने वाले लालाराम के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे 5 वर्षीय योगेश और 3 वर्षीय योगेंद्र है। पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेते हुए उसका पोस्टमार्टम कराया है। हादसे की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें -हरदोई की इस नगर पंचायत में धांधली की होगी जांच, लोकायुक्त ने शासन को लिखी चिट्ठी
