आरोप: बुजुर्ग फरियादी को ओएसडी ने मारा थप्पड़, होगी जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में गुरुवार को जनता अदालत में आए एक बुजुर्ग फरियादी ने विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पीड़ित ने पुलिस को इस मामले में तहरीर भी दी है। वहीं, एलडीए उपाध्यक्ष ने इस मामले की कमेटी बनाकर जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

गुरुवार को गोमती नगर में एलडीए के जनता दरबार में ऐशबाग के नवाबगंज कोयला मंडी निवासी बुजुर्ग मुकेश शर्मा मकान का कब्जा दिलाने की शिकायत लेकर पहुंचे। उनका कहना है कि 19 साल पूर्व उसने कैम्पवेल रोड स्थित आजाद नगर योजना में प्राधिकरण से भूखंड खरीदा और 2018 में रजिस्ट्री कराकर बनाया था। उनके मकान पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है और एलडीए कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। ये मामला हाईकोर्ट में भी विचाराधीन है। जनता दरबार में उसने संंबंधित जोन-7 के जोनल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी से गुहार लगाई और इससे पहले जोन के ओएसडी डीके सिंह पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। इंतफाक से इस दौरान डीके सिंह भी मौके पर मौजूद थे। डीके सिंह को सामने देखकर बुजुर्ग मुकेश आपा खो बैठे और जोर-जोर से डीके सिंह समेत अधिकारियों के ऊपर आरोप लगाने लगा। जिसके बाद दोनों में कहासुनी होने लगी। मुकेश शर्मा ने आरोप लगाया कि डीके सिंह ने इस दौरान उसे थप्पड़ मारा , जिससे मेरा चश्मा टूट गया और माथे से खून निकल आया। मुकेश शर्मा के पास रिवाल्वर भी थी जो बाहर एलडीए के सुरक्षाकर्मियों के पास रखकर अंदर गया था। मुकेश शर्मा ने इस घटना के बाद मेडिकल कराकर पुलिस को इस संबंध में तहरीर भी दी है।

फरियादी की शिकायत पर कराई जांच
घटना के समय उपाध्यक्ष डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी विभागीय काम से अपने कार्यालय में थे। इधर, हंगामा होने पर आयोजन कुछ देर के लिए स्थगित कर दिया गया। वहीं, मामले का संज्ञान लेकर उपाध्यक्ष ने दोनों पक्षों को बुलाया और बात सुनी। इधर, फरियादी ने अपने दो मामले बताए। जिसके लिए वह दौड़ लगा रहे हैं। एक शिकायत उनकी गली में गलत निर्माण की थी तो दूसरी उनके दूसरे मकान पर कब्जा न मिलने की थी। उपाध्यक्ष ने नजूल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी को मौके पर भेजकर जांच कराई। जिसमें पहली शिकायत का समाधान फरवरी में भवन सील कर पाया गया। जबकि दूसरी शिकायत में पीड़ित को 2018 में एलडीए ने कब्जा दिलाया था। इसके बाद पीड़ित ने मकान दूसरे को बेच दिया। जिसका एग्रीमेंट किया था और उसने कब्जा कर लिया। प्राधिकरण सिर्फ एक बार कब्जा की जिम्मेदारी लेता है।

शासन ने लिया संज्ञान, अपर सचिव करेंगे जांच 
बुजुर्ग मुकेश शर्मा को थप्पड़ मारने का मामला तूल पकड़ गया है। शासन ने भी इंटरनेट मीडिया के माध्यम से संज्ञान लिया है। मुकेश ने ओएसडी डीके सिंह पर अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उपाध्यक्ष से कार्रवाई की मांग की है। जिस पर गुरुवार देर शाम उपाध्यक्ष ने अफसरों के साथ बैठक की और नजूल अधिकारी से शिकायतों की कराई गई जांच की रिपोर्ट तलब की। वहीं, थप्पड़ मारने की जांच अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा को दी गई है। साथ ही जांच में आरोप सही पाए जाने पर शासन को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजने की बात कही गई है।

वर्जन
फरियादी ने मुझसे अभद्रता की। उच्च अधिकारियों के लिए गलत शब्दों का इस्तेमाल किया और बेवजह हंगामा किया। जिसे समझाया तो वह उल्टा हाथ चलाने लगा। इस पर रोकने का प्रयास किया था। थप्पड़ मारने जैसी बात गलत है, क्योंकि मेरे हाथ खराब होने के कारण उठते ही नहीं हैं। - डीके सिंह, ओएसडी, एलडीए

दोनों पक्ष को बुलाकर सुना गया है। पीड़ित से लिखित शिकायत मांगी है। जिस आधार पर नजूल अधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर जांच कराएंगे और दोषी मिलने पर कार्रवाई करेंगे। - डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, उपाध्यक्ष, एलडीए

ये भी पढ़ें -लखनऊ: ताप बिजली घरों में 72 घण्टे की हड़ताल शुरू, कर्मचारी नेताओं का दावा  

संबंधित समाचार