लखनऊ में बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट्स के दौड़ रही हैं 8 लाख गाड़ियां
ऑनलाइन बुकिंग में होम डिलिवरी का दे रहे हैं विकल्प
अमृत विचार, लखनऊ। जिले में अभी भी 8 लाख गाड़ियां बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट्स (एचएसआरपी) के दौड़ रही हैं। इनमें करीब 5 लाख गाड़ियां ग्रामीण क्षेत्रों की हैं। इनमें डेढ़ लाख वाहनों की बुकिंग हो गई है। ऐसे वाहनों में नंबर प्लेट लगवाने के लिए 25 दिनों तक इंतजार करना होगा। बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगे वाहन चेकिंग में पकड़े जाने पर पांच हजार रुपये का जुर्माना और चालान के डर से लोग अपनी गाड़ियां घर में खड़ी कर बाहर निकालने से परहेज करने लगे हैं। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बुकिंग के बाद वेटिंग 25 दिनों तक पहुंच गई है।
दुपहिया से लेकर चार और भारी वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाना अब अनिवार्य हो गया है ऑनलाइन बुकिंग का दबाव बढ़ा तो बुकिंग की रफ्तार धीमी हो गई है। लखनऊ में कई शोरूम ने तो ऑनलाइन नंबर प्लेट की बुकिंग ही लेना बंद कर दिए है। बदले में ऑनलाइन बुकिंग में होम डिलिवरी का विकल्प दे रहे हैं। इसके लिए वाहन मालिकों से 250 रुपये अतिरिक्त चार्ज मांगा जा रहा है। ऐसे में वाहनों के विभिन्न कंपनियों के शोरूम पर नंबर प्लेट की बुकिंग नहीं होने से वाहन मालिकों की परेशानी बढ़ गई है। लखनऊ में 13 मार्च तक 272 वाहनों के चालान काटे गए। इसी डर वाहन मालिकों ने अपने वाहनों को घर में खड़ा कर दिया है।
वर्जन-
अगर आपने नंबर प्लेट की बुकिंग करा ली है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। वाहन मालिक बुकिंग रसीद दिखाकर चालान की कार्रवाई से बच सकते हैं। वहीं आरटीओ में भी वाहन संबंधी आवेदन बुकिंग रसीद के साथ स्वीकार किये जा रहे हैं। अखिलेश द्विवेदी, एआरटीओ प्रवर्तन
ये भी पढ़ें - आरोप: बुजुर्ग फरियादी को ओएसडी ने मारा थप्पड़, होगी जांच
