मुरादाबाद : TMU के दीक्षांत समारोह में सीएम योगी ने मेधावियों को बांटे मेडल, दी उपाधियां
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख आदि रहे मौजूद
मुरादाबाद,अमृत विचार। मुरादाबाद के तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेधावियों को गोल्ड मेडल, उपाधियां और डिग्री प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने मेधावियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर अपनी प्रतिभा का उपयोग प्रदेश की छवि को मजबूत बनाने के लिए देश में गौरवान्वित करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर दीक्षांत समारोह का उद्घाटन किया। उन्होंने पंडाल में उपस्थित लोगों का अभिवादन कर मुरादाबाद आने को खुद के लिए सुखद बताया। विशिष्ट अतिथियों भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, विधान परिषद सदस्य डा. जयपाल सिंह व्यस्त, गोपाल अंजान, सत्यपाल सैनी, नगर विधायक रितेश कुमार गुप्ता, राकेश कुमार महानिदेशक ईपीसीएच, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. शेफाली सिंह आदि ने मेधावियों की सफलता पर शुभकामनाएं दीं।
इसके पहले कुलाधिपति सुरेश जैन ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर स्वागत भाषण में तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के शुरू करने की घोषणा कुलाधिपति ने की। सरस्वती मां शारदे वंदना विश्वविद्यालय की छात्राओं ने किया। कुलपति प्रो रघुवीर सिंह ने विश्वविद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने पीएचडी की उपाधियां प्रदान की। ईपीसीएच के महानिदेशक राकेश कुमार को डाक्टरेट की मानद उपाधि दी गई। आयोजन में 5988 मेधावियों को दीक्षांत समारोह में दीक्षित किया गया। उन्हें उपाधि और डिग्री मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों ने प्रदान किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय मुरादाबाद ही नहीं देश के टाप विश्वविद्यालय में शामिल है। यहां का शैक्षणिक वातावरण सराहनीय है। उन्होंने मुरादाबाद में राजकीय विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा बजट में करने के लिए जिले के लोगों की ओर से आभार जताया। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रबंधन की सराहना की। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि चिकित्सक बनना सौभाग्य की बात है। उन्होंने मेधावियों की मेहनत को सराहा। कहा कि चिकित्सक मरीज के लिए भगवान के समान है इस विश्वास को कायम रखने की जिम्मेदारी निभाने के लिए अब आपको तैयार रहना होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपाधियां, मेडल, डिग्रियां प्राप्त करने वाले मेधावियों और उनके अभिभावकों को बधाई देकर उनके स्वर्णिम भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में दीक्षांत समारोह प्राचीन गुरुकुलों की समावर्तन समारोह परंपरा का वाहक है। उन्होंने कहा कि सत्य के मार्ग पर चलना ही धर्माचरण है। उन्होंने कहा कि पठन पाठन के कर्तव्य से विमुख न होकर अपनी परंपरा का पालन, मातृ देवो भव, पितृ देवो भव, आचार्य देवो भव, अतिथि देवो भव की परंपरा का पालन सुयोग्य नागरिक बनने के लिए आवश्यक है। सत्य हर देशकाल और परिस्थिति में समयाचीन रहा है और रहेगा। भारतीय मनीषा ने धर्म को उत्कृष्ट कार्य से माना है। माना जाता है कि दीक्षांत समारोह के बाद अब आगे पढ़ने की जरूरत नहीं है यह गलत धारणा है। जीवन में सदैव बेहतर अनुभव, ज्ञान हासिल करने की जिज्ञासा सतत होना चाहिए। दीक्षांत समारोह आपके जीवन को सही मार्ग में बढ़ाने की प्रेरणा देता है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: मंडल के चिह्नित स्टेशनों को संवारने के लिए बनने लगा डिजाइन
