Unnao News : प्राथमिक विद्यालय की छत का प्लास्टर गिरा, बाल-बाल बचे अध्ययनरत छात्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव के प्राथमिक विद्यालय की छत का प्लास्टर गिरा।

उन्नाव के सफीपुर विकासखंड क्षेत्र के अतहा प्राथमिक विद्यालय में छत का प्लास्टर गिर गया। जिससे अध्ययनरत छात्र बाल-बाल बच गए।

उन्नाव, अमृत विचार। शासन इस समय परिषदीय विद्यालयों के सुदृणीकरण को लेकर गंभीर है लेकिन, जिम्मेदार इस ओर से बेहद लापरवाह हैं। शुक्रवार को सफीपुर क्षेत्र के अतहा गांव स्थित परिषदीय विद्यालय की छत का प्लास्टर भर-भराकर गिर गया। इससे वहां पढ़ाई कर रहे बच्चे बाल-बाल बच गए। वहीं प्लास्टर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि बीएसए ने अगले वित्तीय वर्ष में अतहा
विद्यालय की मरम्मत कराए जाने की बात कही है। वहीं, बीईओ अनीता शाह ने कहा कि जब प्लास्टर गिरा था तो वहां छात्र-छात्राएं मौजूद नहीं थे। 
 
बीईओ ने बताया कि विद्यालय के प्रधान शिक्षक सुधीर शुक्ल ने जर्जर भवन की सूची में विद्यालय का नाम नहीं दर्ज कराया था। जिससे इसकी मरम्मत नहीं कराई जा सकी। इसकी रिपोर्ट बीएसए को भेजी जाएगी। अब किसी दूसरे भवन में विद्यालय संचालित होगा। इसके लिए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र से वार्ता की है। साथ ही सहायक शिक्षक को समन्वय स्थापित कर भवन तय करने के निर्देश दिए गए हैं। बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि अगले वित्तीय वर्ष में बीईओ की रिपोर्ट के आधार पर विद्यालय भवन का निर्माण या मरम्मतीकरण कार्य कराया जाएगा।

 

संबंधित समाचार