शाहजहांपुर: मकान के विवाद को लेकर दो पक्षों में पथराव, सात को पकड़ा
जबरन कब्जे का विरोध करने पर किया हमला
तिलहर/शाहजहांपुर, अमृत विचार। नगर में मकान पर जबरन कब्जा रह रहे लोगों ने बेटियों के साथ मिलकर पीड़िता और उसके बेटे पर हमलावर होते हुए पथराव कर दिया। महिला और उसके बेटे ने भी जवाब में ईंट-पत्थर चलाए। दोनों पक्षों में पथराव होने से सड़क काफी देर तक बंद रही और पास क दुकानदार अपनी दुकानों को बंद कर निकल लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी एक पक्ष के लोगों ने ईंट-पत्थर फेंके। कोतवाल राजकुमार शर्मा ने पुलिस टीम के साथ काफी मशक्कत के बाद सात लोगों को पकड़कर थाने गई। कुछ लोग मौके से फरार हो गए।
ब्लॉक गेट के पास कांशीराम आवासीय कॉलोनी के सामने रहने वाले गोपेश कुमार और उनकी ताई विमला देवी के बीच मकान के कब्जे को लेकर कई वर्षों से विवाद चल रहा है। विमला देवी ने बताया कि लगभग एक महीना पहले गोपेश और उसके घर की महिलाओं ने उनके मकान पर उस समय कब्जा कर लिया था, जब वह अपने पुत्र अजय के साथ घर से बाजार के लिए सामान लेने गई थी। वापस लौटने पर गोपेश एवं उसकी बहनों ने घर में घुसने नहीं दिया और मकान पर कब्जा कर लिया, तबसे वह रिश्तेदारी में रह रही है। विमला ने बताया कि उसका घरेलू सारा सामान घर पर ही रखा है। कोतवाली पुलिस से शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
विमला ने बताया कि शुक्रवार की शाम वह अपने पुत्र अजय के साथ मकान पर गई और कब्जे का विरोध किया तो गोपेश की बहनों ने परिजनों के साथ उसके ऊपर पथराव करना शुरू कर दिया। बचाव में विमला और उसके बेटे ने भी ईंट-पत्थर चलाए। ईंट-पत्थर चलने से ब्लॉक रोड पर सन्नाटा पसर गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो घर से पुलिस के ऊपर भी लोगों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे हड़कंप मच गया। कोतवाल राजकुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पड़ोसी मकान की छतों से कूदकर पथराव कर रहे सात लोगों को पकड़कर थाने ले आए।
मकान के चारों ओर लगे कंटीले तारों में था करंट
पथराव की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर में घुसने की कोशिश की तो दीवार के सहारे लगे बिजली तारों पर करंट प्रवाहित हो रहा था। इस पर पुलिस ने पावर हाउस से बिजली लाइन कटवाई, तब अंदर घुसकर पथराव करने वाले लोगों को पकड़ सकी।
मकान पर कब्जेदारी को लेकर आपसी विवाद में दो पक्षों में ईंट-पत्थर चले थे। दोनों पक्षों के लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। मामले की संपूर्ण जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी-राजकुमार शर्मा, प्रभारी निरीक्षक-तिलहर।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: बैठक से नदारद सिंचाई विभाग के एक्सईएन का डीएम ने किया जवाब तलब
