शाहजहांपुर: बैठक से नदारद सिंचाई विभाग के एक्सईएन का डीएम ने किया जवाब तलब
शाहजहांपुर, अमृत विचार। विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में सिंचाई शारदा सहायक नहर के अधिशासी अभियंता एसके भास्कर के अनुपस्थित होने पर डीएम उमेश प्रताप सिंह ने नाराजगी जताई है। साथ ही उनका जवाब तलब किया है। बैठक में पीडब्ल्यूडी और जल निगम की निर्माण व मरम्मत कार्यों में लापरवाही पर भी डीएम सख्त नजर आए और उन्होंने अधिशासी अभियंताओं को ठीक से काम कराने की चेतावनी दी है।
विकास भवन सभागार में गुरुवार को डीएम की अध्यक्षता में विकास कार्यो की मासिक समीक्षा बैठक हुई। कहा कि विभागीय योजनाओं से सभी पात्रों को लाभान्वित किया जाए और उनका प्रचार-प्रसार भी किया जाए। डीएम उस समय सख्त हो गए, जब जिले में किए जा रहे सीवर लाइन कार्यो के उपरान्त सड़कों के मरम्मत कार्य की गुणवत्ता ठीक न पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई और सड़कों के रिस्टोरेशन कार्यो को गुणवत्तापरक ढंग से किये जाने के निर्देश दिए।
पश्चात बैठक में अधिशासी अभियन्ता सिंचाई शारदा सहायक नहर, एसके भास्कर के अनुपस्थित होने पर जिलाधिकारी ने जवाब तलब करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्मार्ट सिटी योजनान्तर्गत पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई गईं स्मार्ट सड़क के कार्यो में विलंब और खराब गुणवत्ता पर कड़ी नाराजगी जताते हुए पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही अमृत योजनान्तर्गत जलापूर्ति एवं सीवर के कार्यों की जांच कराये जाने के भी निर्देश दिए। सभी बीडीओ से गांवों एवं गो संरक्षण केन्द्रों का नियमित रूप से निरीक्षण करने को कहा। बैठक में सीडीओ श्याम बहादुर सिंह, डीएफओ प्रखर गुप्ता, सीएमओ डॉ. आरके गौतम आदि अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: एडीआरएम ने की विश्रामालय और पावर केबिन के रजिस्ट्रारों की जांच
