उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव के लिये रविवार अपराध से भरा दिन रहा। इसमें अचलगंज थानांतर्गत राजबहादुर खेड़ा गांव में खेत की रखवाली कर रहे एक किसान का रक्तरंजित शव चारपाई पर पड़ा मिला। वहीं, बीघापुर कोतवाली अंतर्गत भैसई कोयल गांव में शौच को गई एक युवती का रक्तरंजित शव झाड़ियों में पड़ा मिला। अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों को धारदार हथियार से वार कर मौत के घाट उतारा गया है। सूचना पर एएसपी व संबंधित सीओ व थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
घटना-1) अचलगंज के बेथर गांव निवासी धर्मेश शुक्ला (55) का राजबहादुर खेड़ा के पास खेत है। वह रोज की तरह खेत में खड़ी गेहूं की फसल की रखवाली करने शनिवार देरशाम गया था। देररात किसी ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर वारकर हत्या कर दी। सुबह आसपास के खेतों में मौजूद किसानों ने उसका रक्तरंजित शव चारपाई पर पड़ा देखा तो उनके होश उड़ गए। सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। हत्या की सूचना पर सीओ बीघापुर विजय आनंद अचलगंज एसओ के साथ मौके पर पहुंचे। सुरागकशी के लिए फील्ड यूनिट व डाग स्क्वाड के बुलाया गया। आसपास के किसानों व परिजनों से घटना के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है। सीओ ने कहा कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हर पहलू से जांच की जा रही है। तहरीर व तथ्यों के आधार पर कार्रवाई कर जल्द से जल्द घटना का अनावरण किया जाएगा। मृतक के दो बेटे और एक बेटी है। बड़ा बेटा अवनीश एमआर है जबकि, छोटा अर्जित और बेटी आरुषी अभी पढ़ाई कर रहे हैं। घर वालों ने हत्या की बात तो कही है। हालांकि, अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।
.jpg)
घटना-2) बीघापुर कोतवाली अंतर्गत भैंसई कोयल गांव निवासी आरती (20) पुत्री बचौनी रविवार सुबह शौच के लिए गई थी। काफी देर तक न लौटने पर वह परिजनों ने उसकी खोज शुरू की। जहां गांव के बाहर तालाब किनारे झाड़ियों में उसका रक्तरंजित शव पड़ा देख सभी के होश उड़ गए। युवती की हत्या की खबर क्षेत्र में फैलते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हत्या की सूचना पर एएसपी शशि शेखर सिंह, सीओ बीघापुर विजय आनंद, इंस्पेक्टर बीघापुर बृजेश शुक्ला समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में युवती के गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर हत्या की बात सामने आई है। मृतका छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। घटनास्थल से ग्रामीणों को खदेड़ने के प्रयास में कोतवाल बृजेश शुक्ला को उनका विरोध भी झेलना पड़ा। सीओ ने हर पहलू से जांच कर जल्द खुलासे की बात कही है। फील्ड यूनिट व स्निफर डाग बुलवाकर घटनास्थल से सुरागकशी भी कराई गई।
तालाब में उतराता मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
मौरावां थानाक्षेत्र के बछरावां मार्ग पर चंद्रिकाबक्श खेड़ा गांव के निकट पूती की तलइया के पास उठ रही दुर्गंध पर लोगों को शंका हुई। तालाब के पास जाने पर पानी में एक शव उतराता नजर आया। युवक के शव मिलने की सूचना से वहां लोगों की भीड़ जमा हो गयी। सूचना पर एसओ भी फोर्स के साथ पहुंचे और तालाब से शव बाहर निकलवाया। शव तीन चार दिन पुराना होने से अधिक फूल गया था। मृतक की उम्र तकरीबन 35 वर्ष आंकी जा रही है। उसने नीले रंग की अंडरवियर और लालरंग की बनियान पहन रखी थी। शिनाख्त न होने पर आस पास के थानों से दर्ज गुमशुदगी का पता लगाया गया। जिसमें 15 दिन पूर्व थाना व कस्बा असोहा निवासी मनोज वर्मा के भोलाशंकर के एक पखवारे गायब होने की बात सामने आयी। मनोज को बुलवाया गया लेकिन उसने भी शव भाई का होने से इंकार किया। जिस पर पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया है। एसओ अमरनाथ सिंह ने बताया कि तालाब में अज्ञात युवक का शव मिला है। मोर्चरी में रखवाते हुए शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।