Kanpur, Unnao समेत आसपास जिलों का बदला मौसम, ठंडी हवा का लोग ले रहे आनंद, मौसम विभाग ने 21 तक दी यह चेतावनी
Kanpur Weather Today कानपुर में तेज हवा और सुहावने मौसम का लोगों ने आनंद लिया।
Kanpur Weather Today कानपुर में तेज हवा और सुहावने मौसम का लोगों ने आनंद लिया। मौसम विभाग ने 21 मार्च तक ऐसे ही मौसम रहने की चेतावनी दी है। तीन दिन और गर्मी से राहत मिलेगी।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर सहित उत्तर भारत में 21 मार्च तक तेज बारिश और ओले गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन संकेतों के साथ बताया कि बारिश बहुत ज्यादा नहीं होगी, लेकिन ओले गिरने और बादल छाए रहने से गर्मी से राहत रहेगी। पारा 25 के आसपास रहेगा, जिससे दिन में ठंडी हवा का भी अहसास होगा। बुधवार से मौसम में गर्मी फिर से बढ़ सकती है।
रविवार को भी तापमान काफी राहत भरा रहा।
रविवार को भोर से ही ठंडी हवा, उमड़ते घुमड़ते बादल से लोगों को गर्मी से राहत मिली। उसके बाद बादल छाए रहे और ठंडी हवा के साथ सुहावना मौसम हो गया। उसके बाद ठंडी हवा की वजह से लोगों को गर्मी से परेशानी नहीं हुई। मौसम में यह बदलाव 16 मार्च से ही शुरू हो गया था, जिसकी वजह से पारा 30 से नीचे पहुंच गया। मौसम विज्ञानी डा. सुनील पांडेय ने बताया कि मंगलवार तक इसी तरह मौसम रहने की संभावना है। मार्च में ये छह दिन लोगों के लिए गर्मी से राहत भरे रहे हैं।
हिमालय पहुंचा पश्चिमी विक्षोभ
सीएसए विवि के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि हिमालय में पश्चिमी विक्षोभ पहुंच गया है। उसको एक ट्रफ के रूप में देखा जा रहा है। प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण राजस्थान और उत्तरी गुजरात के आसपास के हिस्सों पर बना हुआ है। निचले स्तरों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वोत्तर राजस्थान पर बना हुआ है।
फसलों को नुकसान, किसान परेशान
बेमौसम बारिश ने लोगों को गर्मी से भले ही राहत दी हो, लेकिन किसानों को बहुत नुकसान पहुंचाया है। बारिश की वजह से फसलें गिर गईं। सबसे ज्यादा नुकसान पकी फसलों को लेकर हुआ। बारिश और तेज हवा चलने से खेत में ही फसल गिर गई। मौसम विज्ञानी डॉ. पांडेय ने बताया कि मार्च के महीने में बारिश अक्सर फसलों के लिए नुकसान साबित होती है। इसी वजह से इस बार भी किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है।
आसमान में छाए बादलों ने बढ़ाई किसानों की चिंता
उन्नाव। बीते कुछ दिनों से मौसम में आए बदलाव से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आई हैं। शनिवार को हल्की बूंदा-बांदी के बाद आसमान में रविवार को भी बादल छाए रहे। बादलों की मौजूदगी से सूर्यदेव पूरे दिन आंखमिचौली करते रहे। वहीं पूरा दिन पछुवा हवा चलती रही। इससे किसानों को फसल खराब होने का डर बना हुआ है। खासकर सरसों व गेंहू की फसल को ज्यादा नुकसान होने की उम्मीद है। गेंहू की फसल खेतों में पकी खड़ी है। ऐसे में अगर बारिश हुई तो फसल खेत में ही गिर जाएगी। वहीं, खेतों में कटी पड़ी लाही भी बारिश से प्रभावित हो सकती है।

